सच्चा प्यार! करवा चौथ पर तौहफे के रूप में पत्नी ने पति को दी नई ज़िंदगी, किडनी दान करके कहा- 'यही मेरा...'

punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 10:39 AM (IST)

नेशनल डेस्क। करवा चौथ का पर्व पति-पत्नी के बीच प्यार, आस्था और समर्पण का प्रतीक माना जाता है लेकिन मध्य प्रदेश के राजगढ़ की प्रिया ने इस बार ऐसा काम कर दिखाया है जिसने इस पर्व की भावना को एक नया आयाम दे दिया है और पूरे देश का दिल जीत लिया है। प्रिया ने न केवल अपने पति की लंबी उम्र की दुआ की बल्कि उन्हें अपनी एक किडनी दान करके सचमुच ज़िंदगी ही दे दी।

कोविड के बाद पता चला किडनी फेलियर का

राजगढ़ के छोटे से कस्बे में रहने वाले पुरुषोत्तम और उनकी पत्नी प्रिया की जोड़ी अब पूरे इलाके के लिए एक मिसाल बन गई है। कुछ समय पहले पुरुषोत्तम को कोविड-19 हुआ था। ठीक होने के बाद भी उन्हें लगातार सिरदर्द और थकान की समस्या रहने लगी। जांच कराने पर पता चला कि उनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं और डॉक्टरों ने कहा कि अगर तुरंत ट्रांसप्लांट (प्रत्यारोपण) नहीं किया गया तो उनकी जान जा सकती है।

प्रिया का निस्वार्थ समर्पण

परिवार यह सुनकर घबरा गया लेकिन उसी वक्त प्रिया ने बिना सोचे-समझे एक फैसला लिया। उन्होंने कहा, "अगर मेरी किडनी से मेरे पति की जान बच सकती है तो यही मेरा सच्चा करवा चौथ होगा।" प्रिया की यह बात सुनकर परिवार वालों की आंखें भर आईं। मेडिकल टेस्ट में साफ हुआ कि प्रिया की किडनी पुरुषोत्तम के शरीर से पूरी तरह मेल खाती है। डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक सर्जरी की और कुछ ही दिनों में पुरुषोत्तम की हालत में सुधार आने लगा।

PunjabKesari

"अब मैं ही बीवी का असली चांद हूं"

अब दोनों बिल्कुल ठीक हैं और साथ में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। पुरुषोत्तम ने भावुक होकर कहा- "इस बार मैं अपनी पत्नी से कहता हूं कि अब मैं ही उसका चांद हूं क्योंकि मेरी जिंदगी अब उसी की वजह से चमक रही है।"

यह भी पढ़ें: Tragic Accident: गलत साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने नेता को कुचला, शहर में मचा कोहराम

सोशल मीडिया पर भावुक हुए यूज़र्स

जैसे ही यह भावुक मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोगों ने इसे सच्ची मोहब्बत की मिसाल बताया।

यूजर्स की प्रतिक्रिया 

लोग भावुक होकर दोनों को बधाई देते दिखे। एक यूजर ने लिखा, "इसे ही सच्ची मोहब्बत कहते हैं केवल कहने भर से ये साबित नहीं हो जाती।" दूसरे ने लिखा, "प्रिया ने केवल जताया ही नहीं बल्कि साबित भी किया कि उसकी मोहब्बत सच्ची है।"

प्रिया ने अपने निस्वार्थ कार्य से यह साबित कर दिया कि करवा चौथ केवल एक परंपरा नहीं बल्कि जीवन भर के साथ का प्रतीक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News