पराए मर्द को पसंद करती थी बहु, सास को लग गई भनक, टोका -टाकी से चिढ़ी...
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 04:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निशातगंज (गली नंबर-3) में शनिवार दोपहर को रिश्तों का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। 69 वर्षीया बुजुर्ग महिला निर्मला देवी जो सचिवालय से रिटायर्ड थीं उनकी अपनी ही बहू रंजना ने गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतका के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए मिले।
कैसे खुला मौत का राज?
घटना शनिवार दोपहर करीब 4 बजे की है। निर्मला देवी का पोता आदित्य जो डिलीवरी बॉय का काम करता है जब अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटा तो उसे दरवाजा बंद मिला। किसी तरह घर के अंदर दाखिल होने पर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसकी दादी का शव कमरे में बेसुध पड़ा था उनके हाथ-पैर बंधे थे और गले पर चोट के गहरे निशान थे। आदित्य की चीख सुनकर ऊपर रहने वाले किराएदार और आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए। तुरंत पुलिस और निर्मला देवी के बेटे त्रिदेश (जो बिजली विभाग में संविदा कर्मी हैं) को सूचना दी गई।
बहू के अवैध संबंध और खूनी साजिश
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में ही बहू रंजना का व्यवहार संदिग्ध लगा। पूछताछ और स्थानीय इनपुट से पता चला कि बहू रंजना का किसी बाहरी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था। घर की मुखिया होने के नाते निर्मला देवी इस रिश्ते का कड़वा विरोध करती थीं और बहू को टोकती रहती थीं। अपनी 'पराई मोहब्बत' के बीच से सास को हटाने के लिए रंजना ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के समय घर में कौन था?
जिस वक्त यह हत्या हुई, घर में रंजना और उसकी छोटी बेटी मौजूद थीं। रंजना की बड़ी बेटी उस समय अपने ननिहाल उन्नाव गई हुई थी। पुलिस का मानना है कि रंजना ने अपने प्रेमी को घर बुलाकर या उसकी मदद से सास को काबू किया और फिर रस्सी से बांधकर उनका गला घोंट दिया।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई और फरार प्रेमी की तलाश
लखनऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं। मुख्य आरोपी बहू रंजना को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब रंजना के उस प्रेमी की तलाश कर रही है जो वारदात के बाद से फरार है। पड़ोसियों के मुताबिक निर्मला देवी एक सुलझी हुई महिला थीं और पूरे परिवार को जोड़कर रखती थीं। उनकी इस तरह हुई मौत से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
