लखनऊ : बेखौफ बदमाशों ने BJP नेता पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत बेहद नाजुक, इलाके में फैली दहशत
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 05:19 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बदमाशों के बुलंद हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। थाना बाजार खाला क्षेत्र में सरेआम बदमाशों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेता चेतन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
कमर में लगी दो गोलियां, डॉक्टरों की टीम जान बचाने में जुटी
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने चेतन को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां उनकी कमर में लगी हैं। खून से लथपथ चेतन को आनन-फानन में लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्रामा सेंटर के बाहर उमड़ा जनसैलाब, पुलिस अलर्ट
जैसे ही सत्ताधारी दल के युवा नेता पर हमले की खबर फैली, भारतीय जनता युवा मोर्चा और भाजपा के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ट्रामा सेंटर के बाहर जमा हो गई। अस्पताल परिसर में मची अफरा-तफरी को देखते हुए भारी पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पुरानी रंजिश का शक, हमलावरों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और सूत्रों के हवाले से यह खबर आ रही है कि इस हमले के पीछे 'पुरानी आपसी रंजिश' हो सकती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुँचाया जाए।
