LPG New Update : अब 45 दिन बाद मिलेगा सिलेंडर, उज्ज्वला उपभोक्ताओं की बढ़ेंगी मुश्किलें

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 12:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क : एलपीजी सप्लाई को लेकर बदलते हालात के बीच सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब उज्ज्वला उपभोक्ताओं को दूसरे गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए 25 दिन की जगह 45 दिन का इंतजार करना होगा। साथ ही, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बुकिंग अंतर का फर्क भी खत्म कर दिया गया है, यानी अब सभी उपभोक्ताओं पर एक समान नियम लागू होगा।

यूपी के आगरा जिले में कुल 12 लाख से अधिक गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 3.41 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद गैस बुकिंग की सुविधा थी, लेकिन अब सभी के लिए 45 दिन की अवधि अनिवार्य कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के मुताबिक, इस फैसले का मुख्य उद्देश्य सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाना है।

वहीं, एलपीजी संकट के चलते कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। केंद्र सरकार ने 23 मार्च से होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 50 प्रतिशत गैस देने का निर्देश दिया था, लेकिन प्रदेश में यह पूरी तरह लागू नहीं हो सका है। अब नई व्यवस्था के तहत प्रतिष्ठानों को उनकी औसत खपत के आधार पर केवल 20 प्रतिशत गैस ही दी जाएगी और इसके लिए पहले जांच की जाएगी।

शहर में एक हजार से अधिक होटल-रेस्तरां, 150 पेठा इकाइयां और 2000 से ज्यादा हलवाई इस संकट से प्रभावित हैं। पहले जहां हर महीने करीब 40 हजार कॉमर्शियल सिलिंडर की खपत होती थी, अब यह घटकर लगभग 8 हजार सिलिंडर रह जाएगी। हालांकि, जिन घरों में शादियां हैं, उनके लिए विशेष अनुमति से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News