'देखो कौन वापस आ गया है'....MS Dhoni का प्रैक्टिस Video Viral, IPL 2026 को लेकर अटकलें तेज

punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 06:22 PM (IST)

Jharkhand News: भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनका प्रैक्टिस करते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारी शुरू कर दी है।

फैंस के बीच बढ़ा उत्साह
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने सोशल मीडिया पर धोनी का एक छोटा वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में धोनी नेट अभ्यास से पहले पैड पहनते नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, “देखो कौन वापस आ गया है”, जबकि पोस्ट में उन्हें “JSCA का गौरव: महेंद्र सिंह धोनी” बताया गया है। नेट प्रैक्टिस से पहले धोनी को पूर्व भारतीय बल्लेबाज और JSCA अधिकारी सौरभ तिवारी से बातचीत करते हुए भी देखा गया। इस वीडियो के सामने आते ही फैंस के बीच IPL 2026 में धोनी की मौजूदगी को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से हो सकती है, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेले जाने की संभावना है। धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह इसके बाद से लगातार IPL में खेलते आ रहे हैं। फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है, लेकिन धोनी अब भी टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। फैंस आज भी माही को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचते हैं। चाहे मैच चेन्नई में हो या किसी और शहर में, पूरा मैदान पीली जर्सी से भर जाता है।

IPL में धोनी सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2008 से अब तक 38.30 की औसत और 137.45 की स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन रहा है। धोनी के नाम IPL में 375 चौके और 264 छक्के दर्ज हैं। धोनी IPL के छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में पहले नंबर पर विराट कोहली हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News