लोकसभा चुनाव: 5,029 करोड़ रुपए के चुनाव बांड जारी किए गए

punjabkesari.in Tuesday, May 21, 2019 - 10:55 AM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के दौरान एस.बी.आई. के मुताबिक मार्च से 4 मई तक 5,029 करोड़ रुपए के 10,494 बांड जारी किए गए। इस तरह हर बांड औसतन करीब 48 लाख रुपए का रहा। इसमें मार्च और अप्रैल में करीब 3,622 करोड़ रुपए के चुनाव बांड जारी किए गए। चुनाव बांड कोई भी व्यक्ति या कम्पनी खरीद सकती है और किसी राजनीतिक दल के नाम जारी कर सकती है। इसमें मार्च में 2,256 करोड़ और 1,366 करोड़ रुपए अप्रैल में जारी हुए। मुम्बई से अप्रैल में 694 करोड़, दिल्ली से 409 करोड़, कोलकाता से 417 करोड़ और हैदराबाद से 338 करोड़ रुपए के बांड राजनीतिक दलों के लिए खरीदे गए।    

प्रियंका ने मेनका के खिलाफ रोड शो किया
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सुल्तानपुर में अपनी चाची मेनका के खिलाफ कांग्रेस के प्रत्याशी संजय सिंह के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान दरियापुर में चाची मेनका गांधी का काफिला और भतीजी प्रियंका गांधी का काफिला आमने-सामने हो गया।

कई दिग्गज मैदान में नहीं उतरे
भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण अडवानी, मुरली मनोहर जोशी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरुण जेतली, उमा भारती, एन.सी.पी. नेता शरद पवार और लोजपा नेता रामविलास पासवान जैसे दिग्गज नेता इस बार चुनाव मैदान में नहीं हैं।

बंगाल में एक दिन पहले प्रचार रोका गया
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं को रोकने में नाकाम रहने पर राज्य सी.आई.डी. के ए.डी.जी. और गृह विभाग के प्रधान सचिव को हटा दिया। साथ ही 7वें चरण के लिए चुनाव प्रचार तय तारीख से एक दिन पहले ही खत्म कर दिया।

विपक्षी दलों ने ई.वी.एम. का मुद्दा उठाया
लोकसभा चुनाव के बीच विपक्ष ने कई बार ई.वी.एम. का मुद्दा उठाया। 21 विपक्षी दलों ने 50 प्रतिशत ई.वी.एम. में वी.वी.पैट होने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पुनॢवचार याचिका दायर की लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने विपक्षी दलों की पुनॢवचार याचिका को भी खारिज कर दिया।

पहली बार : एक सीट पर 3 चरणों में मतदान
लोकसभा चुनाव के इतिहास में पहली बार जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर सुरक्षा कारणों से 3 चरणों (23 अप्रैल, 29 अप्रैल और 6 मई) में मतदान कराया गया।  दक्षिण कश्मीर का यह इलाका आतंकवाद को लेकर ज्यादा संवेदनशील माना जाता है।

तेज बहादुर यादव का पर्चा रद्द
आयोग ने बी.एस.एफ. के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव का वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन खारिज कर दिया है। तेज ने दो नामांकन पत्र भरे थे। एक 24 अप्रैल को बतौर निर्दलीय उम्मीदवार और दूसरा 29 अप्रैल को गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में। शपथ पत्र में गलत जानकारी देने पर उनका नामांकन खारिज किया गया।

निजामाबाद सीट पर रिकार्ड ई.वी.एम. लगीं
तेलंगाना की निजामाबाद सीट पर सत्तारूढ़ टी.आर.एस. के मुखिया चंद्रशेखर राय की बेटी कविता के खिलाफ 178 किसानों ने चुनाव लड़ा। इस सीट से कुल 185 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रत्याशियों की संख्या को देखते हुए चुनाव आयोग ने वहां वोटिंग के लिए 26 हजार ई.वी.एम. मंगाई थीं।

बंगलादेशी अभिनेता को प्रचार करने पर वापस भेजा
बंगलादेश के अभिनेता फिरदौस अहमद को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लिए कथित तौर पर चुनाव प्रचार करने से विवाद पैदा हो गया था। इसके बाद गृह मंत्रालय ने उन्हें भारत छोडऩे को कहा था।

21वीं सदी में पैदा हुए युवाओं ने पहली बार वोट डाला
21वीं सदी में पैदा हुए युवाओं ने पहली बार चुनाव में वोट डाला। इस बार आम चुनाव में करीब 9 करोड़ नए वोटर थे, जबकि 2014 में 10 करोड़ से ज्यादा नए युवा मतदाता सूची में शामिल किए गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News