इस्तीफे के बाद राहुल गांधी ने बदला ट्विटर प्रोफाइल, खुद को बताया कांग्रेस का सांसद

punjabkesari.in Wednesday, Jul 03, 2019 - 05:18 PM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के बाद से अपने इस्तीफे को लेकर बनी असमंजस की स्थिति पर विराम लगाते हुए राहुल गांधी ने बुधवार को अपने त्यागपत्र की औपचारिक रूप से घोषणा कर दी। इसी के साथ राहुल गांधी ने आज अपना ट्विटर का प्रोफाइल बदल दिया है। उन्होंने ट्विटर हैंडल में कांग्रेस अध्यक्ष की जगह सांसद लिखा है।  उनके इंट्रो में अब अंग्रेजी में लिखा दिखाई दे रहा है, दिस इज द ऑफिशियल अकाउंट ऑफ राहुल गांधी, मेंबर ऑफ द इंडियन नेशनल कांग्रेस, मेंबर ऑफ पार्लियामेंट। इससे पहले उनके उनके ट्वीटर हैंडल पर प्रेसिडेंट ऑफ इंडियन नेशनल कांग्रेस लिखा था।

PunjabKesari

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर 2019 के चुनाव की हार की जिम्मेदारी मेरी है। हमारी पार्टी के भविष्य की तरक्की के लिए जवाबदेही होना महत्वपूर्ण है। इसी कारण से मैंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। गांधी ने कहा, मेरी लड़ाई सिर्फ राजनीतिक सत्ता के लिए कभी नहीं रही है। भाजपा के प्रति मेरी कोई घृणा या आक्रोश नहीं है, लेकिन मेरी रग-रग में भारत का विचार है। उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा, हमारे देश के संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का आरएसएस का घोषित लक्ष्य पूरा हो चुका है। हमारा लोकतंत्र बुनियादी तौर पर कमजोर हो गया है। अब इसका वास्तविक खतरा है कि आगे चुनाव महज रस्म अदायगी भर रह जाए।

PunjabKesari

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद से गांधी लगातार इस्तीफे पर अड़े हुए थे। हालांकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे आग्रह किया था कि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते रहें। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News