Sensation in Gwalior: डबरा रोड पर भोजनालय के पास वकील की गोलियों से भूनकर हत्या, हमलावर फरार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 07:42 AM (IST)
Gwalior Lawyer Shot Dead : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां बेखौफ बदमाशों ने दिन-दहाड़े एक वरिष्ठ अधिवक्ता की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह खूनी वारदात जिले के भीतरवार कस्बे में डबरा रोड पर स्थित एक भोजनालय के पास हुई जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय वकील रतन सिंह यादव के रूप में हुई है। हमले के तुरंत बाद तीनों हथियारबंद आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। इस मौके पर अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के भीतरवार कस्बे में डबरा रोड पर एक भोजनालय के पास हुई जहां दिन-दहाड़े वकील रतन सिंह यादव (60) पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार यादव को तीन गोलियां लगीं और उन्हें ग्वालियर शहर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमले के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए और उन्हें पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं। भीतरवार के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) गगन हनवत ने कहा कि गोलीबारी का संबंध जमीन के विवाद से हो सकता है। उन्होंने कहा, शुरुआती जांच से पता चला है कि वकील का कुछ लोगों के साथ जमीन का विवाद था।
हमें शक है कि गोलीबारी उसी विवाद से जुड़ी है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि यादव का अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ जमीन के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय से विवाद था।
