नेपाल में लैंडस्लाइड के बाद बड़ा हादसा, दो यात्री बसें उफनती नदी में जा गिरीं, 60 से ज्यादा यात्री लापता

punjabkesari.in Friday, Jul 12, 2024 - 08:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  नेपाल में मदन-अश्रित राजमार्ग पर आज सुबह हुए भूस्खलन के कारण 63 लोगों को ले जा रही दो बसें त्रिशूली नदी में बह गईं। काठमांडू जाने वाली एंजेल बस और गणपति डीलक्स से जुड़ी यह घटना क्षेत्र में भारी बारिश के बीच सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुई। चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने बताया कि बसें राजमार्ग पर यात्रा कर रही थीं, तभी भूस्खलन हुआ, जिससे वे सड़क से नीचे उफनती नदी में जा गिरीं।

यादव ने बताया कि , प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बसों में बस चालकों सहित कुल 63 लोग सवार थे। सुबह करीब 3:30 बजे भूस्खलन से बसें बह गईं। हम घटना स्थल पर हैं और तलाशी अभियान जारी है। लगातार बारिश के कारण बाधा आ रही है।" लापता बसों की तलाश की जा रही है।
 

नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने सभी सरकारी एजेंसियों को यात्रियों की खोज और बचाव करने का निर्देश दिया। दहल ने एक्स पर पोस्ट किया, “मैं नारायणगढ़-मुग्लिन सड़क खंड पर भूस्खलन के कारण बसों के बह जाने और देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण संपत्तियों के नुकसान के बाद लापता हुए लगभग पांच दर्जन यात्रियों की रिपोर्ट से बहुत दुखी हूं। मैं गृह प्रशासन सहित सरकार की सभी एजेंसियों को यात्रियों की खोज करने और उन्हें प्रभावी ढंग से बचाने का निर्देश देता हूं ।'' इस बीच, मौसम खराब रहने के कारण काठमांडू से भरतपुर के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह जानकारी दी थी कि मानसून के मौसम की शुरुआत के बाद से नेपाल में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 62 लोग मारे गए हैं और 90 अन्य घायल हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News