लालकृष्ण आडवाणी 'भारत रत्न' से सम्मानित, राष्ट्रपति ने घर जाकर किया सम्मान; PM मोदी भी रहे मौजूद

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2024 - 08:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को आज 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आडवाणी के घर जाकर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता के खराब स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आडवाणी के आवास पर जाने का निर्णय लिया गया।


अटूट समर्पण और प्रतिष्ठा के साथ देश की सेवा की
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, भारतीय राजनीति के पुरोधा आडवाणी ने सात से अधिक दशकों तक अटूट समर्पण और प्रतिष्ठा के साथ देश की सेवा की। कराची में 1927 में जन्मे आडवाणी का परिवार विभाजन के बाद 1947 में भारत आ गया था। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अपने दृष्टिकोण के साथ, उन्होंने पूरे देश में दशकों तक कड़ी मेहनत की और सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव लेकर आए।

‘एक्स' पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘जब आपातकाल ने भारत के लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया तो उनके अंदर के परिश्रमी योद्धा ने निरंकुश प्रवृत्तियों से इसकी रक्षा करने में मदद की।'' आडवाणी (96) जून 2002 से मई 2004 तक उप-प्रधानमंत्री और अक्टूबर 1999 से मई 2004 तक केंद्रीय गृहमंत्री रहे। वह कई बार 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक भाजपा अध्यक्ष रहे।

शनिवार को इन हस्तियों को मिला सम्मान
बता दें कि, इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि मंत्री एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मरणोपरांत प्रदान किया। राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया।

चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया। स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया। इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News