नौसेना में महिलाओं को जल्द मिलेगी लड़ाकू भूमिका: एडमिरल लांबा

punjabkesari.in Friday, Dec 01, 2017 - 06:12 PM (IST)

नई दिल्ली: नौसेना प्रमुख एडमिरल लांबा ने कहा कि महिलाओं को नौसेना में युद्धक भूमिका में लाने के लिए जरूरी ढांचागत सुविधाएं तैयार की जा रही हैं और वह दिन दूर नहीं जब महिलाओं को यह जिम्मेदारी दे दी जाएगी। एडमिरल लांबा ने नौसेना दिवस 4 दिसंबर से पहले वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में सवालों के जवाब में कहा कि महिलाएं 1991 से ही नौसेना में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

शुरू में इनकी भर्ती तीन शाखाओं में की गई थी लेकिन अब इन्हें 8 शाखाओं में भर्ती किया जा रहा है। शिक्षा, विधि और नेवेल कन्सट्रक्शन तीन शाखाओं में इन्हें स्थाई कमीशन दिया जाता है। नौसेना को हाल ही में पहली महिला पायलट मिली है और अब उन्हें टोही विमान उडाने का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जहां तक महिलाओं को युद्धपोतों में लड़ाकू भूमिका में रखे जाने का सवाल है इसके लिए ढांचागत सुविधाओं की जरूरत है। पुराने युद्धपोतों में तो बदलाव नहीं किया जा सकता लेकिन नए युद्धपोतों में ये सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। साथ ही इस मुद्दे से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब महिलाओं को नौसेना में युद्धक भूमिका में उतार दिया जाएगा।

एडमिरल लांबा ने कहा कि वैसे अभी भी नौसेना में महिलाएं लड़ाकू प्रणालियों से संबंधित भूमिकाओं में काम कर रही हैं। नौसेना में लगभग 70 महिलाएं विभिन्न अभियान चलाने वाले निगरानी तथा अन्य विमानों में‘ऑब्जर्वर’की भूमिका में काम कर रही हैं और वह कॉकपिट में उन कंसोल को अकेले संभालती हैं जिनमें मिसाइल और तारपीड़ों के बटन लगे होते हैं और जरूरत पडऩे पर वही इन हथियारों को दागती भी हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News