पाकिस्तान पर जीत के बाद मैदान पर हार्दिक और सूर्या से भिड़े कुलदीप यादव, VIDEO वायरल
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 03:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से धूल चटाकर सुपर-8 में अपनी जगह तो पक्की कर ली, लेकिन मैच के आखिरी पलों में मैदान पर जो कुछ हुआ, उसने फैंस को हैरान कर दिया है। जहां एक तरफ टीम इंडिया की जीत की गूंज थी, वहीं दूसरी तरफ मैदान पर स्टार खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक और गुस्से की तस्वीरें वायरल होने लगीं। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच की यह तनातनी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
एक छूटे हुए कैच ने बिगाड़ा खेल का माहौल
विवाद की नींव पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर में पड़ी। हार्दिक पंड्या की एक शॉर्ट-पिच गेंद पर शाहीन अफरीदी ने बड़ा शॉट खेला, जो सीधे बाउंड्री पर तैनात कुलदीप यादव के हाथों में गया। एक आसान सा कैच न केवल कुलदीप के हाथों से छूटा, बल्कि उनके हाथ से छिटककर गेंद छक्के के लिए भी चली गई। हार्दिक उस वक्त शांत रहे, लेकिन उनके चेहरे का तनाव सब बयां कर रहा था।
मैच खत्म होते ही हार्दिक का पारा सातवें आसमान पर
हार्दिक पंड्या का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने उस्मान तारिक को आउट कर पाकिस्तान की पारी को 114 रनों पर समेट दिया। जैसे ही पूरी टीम जीत का जश्न मनाने जुटी, हार्दिक सीधे कुलदीप की तरफ बढ़े और कैच छोड़ने की गलती पर उन्हें सबके सामने बुरी तरह फटकारना शुरू कर दिया। वीडियो में हार्दिक काफी गुस्से में और आक्रामक दिख रहे थे, जबकि कुलदीप अपना सिर झुकाए चुपचाप उनकी बातें सुनते नजर आए।
Heated Argument between Hardik, Kuldeep & Surya 🥵🥶:
— Yorker__93™ (@Boom__93) February 16, 2026
One dropped catch by Kuldeep, and Hardik Pandya’s frustration exploded in full public view. The glare, the body language — everything screamed anger. Kuldeep looked rattled.
Shameful behavior by chapri Hardik. 🤬 pic.twitter.com/TjJPWcMy0W
कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी 'उलझ' गए कुलदीप
हैरानी की बात यह रही कि विवाद सिर्फ हार्दिक तक ही सीमित नहीं रहा। मैच खत्म होने के बाद जब टीम एक-दूसरे को जीत की बधाई दे रही थी, तब कुलदीप यादव का गुस्सा कप्तान सूर्यकुमार यादव पर भी फूटता दिखा। हाथ मिलाते समय कुलदीप ने सूर्या को बेहद बेरुखी से गले लगाया और तुरंत झटके से उनसे दूर होकर आगे बढ़ गए। सूर्या ने भी हैरानी भरी नजरों से कुलदीप को देखा और कुछ कहने की कोशिश की, लेकिन कुलदीप उन्हें नजरअंदाज कर सीधे डगआउट की तरफ चले गए।
ईशान का तूफान और पाकिस्तान का सरेंडर
विवादों से इतर, मैच में भारत का दबदबा पूरी तरह कायम रहा। ईशान किशन की 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी और सूर्या के 32 रनों की बदौलत भारत ने 175 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तानी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और 114 रनों पर ही सिमट गई। उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।
सुपर-8 का समीकरण
इस जीत के साथ भारत अब टूर्नामेंट में अजेय है और वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार बनकर उभरा है। हालांकि, ड्रेसिंग रूम के भीतर खिलाड़ियों के बीच चल रहे इस मनमुटाव को मैनेज करना कप्तान सूर्या और कोच के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
