Ishan kishan secret video call: ईशान किशन की पाकिस्तान मैच से पहले 40 मिनट की सीक्रेट वीडियो कॉल, किससे की बात?
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 09:55 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबले 'भारत बनाम पाकिस्तान' में मैदान पर उतरने से पहले ही एक ऐसी रणनीति तैयार हो चुकी थी, जिसने पाकिस्तानी गेंदबाजों की रातों की नींद उड़ा दी। जब पूरी दुनिया की नजरें विस्फोटक अभिषेक शर्मा पर टिकी थीं, तब ईशान किशन एक अलग ही 'सीक्रेट मिशन' पर काम कर रहे थे। भले ही अभिषेक सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन ईशान ने मैदान पर जो गदर मचाया, उसने मेलबर्न से लेकर मुल्तान तक खलबली मचा दी।
मैदान पर उतरने से पहले वो 'खास' वीडियो कॉल
मैच की पहली गेंद फेंके जाने से पहले ईशान किशन ने करीब 40 मिनट तक एक खास शख्स से वीडियो कॉल पर चर्चा की थी। यह कोई और नहीं, बल्कि उनके बचपन के कोच उत्तम मजूमदार थे। कोच ने खुलासा किया कि मैच की पूर्व संध्या पर ईशान ने उनसे लंबी बात की थी। मजूमदार ने ईशान को एक बड़ा लक्ष्य दिया था—सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों और पूरे देश के सम्मान के लिए 'शतक' जड़ना। इसी गुरुमंत्र के साथ ईशान मैदान पर उतरे और पाकिस्तानी अटैक की धज्जियां उड़ा दीं।
पाकिस्तानी बॉलर्स की बेरहमी से कुटाई
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत झटके के साथ हुई थी, लेकिन ईशान किशन ने मोर्चा संभालते ही मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने महज 40 गेंदों का सामना किया और मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। अपनी 77 रनों की आतिशी पारी में ईशान ने 10 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने बोर्ड पर 175 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। मध्यक्रम में तिलक वर्मा (25), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
अधूरा रहा सपना, पर जीत लिया दिल
ईशान किशन इस मैच में अपने कोच को दिया वादा निभाने के बेहद करीब थे। उनका इरादा इस शतक को देश के वीर जवानों को समर्पित करने का था। हालांकि, वह 77 रन पर आउट होकर अपने 'मिशन सेंचुरी' से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने पाकिस्तान के खेमे में दहशत पैदा कर दी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया शतक और अब पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच जिताऊ पारी—ईशान ने साफ कर दिया है कि करीब डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद टीम इंडिया में उनकी वापसी एक 'तूफान' की दस्तक है।
