ओडिशा-बंगाल समेत इन राज्यों में पहुंचा मानसून, जानिए दिल्ली में कब देगा दस्तक
punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2023 - 04:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कुछ और राज्यों में मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार, तेलंगाना समेत कुछ और राज्यों में आगे बढ़ गया है। बिहार में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी, लोगों के अब मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। शुक्रवार को बिहार में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही है।
दिल्ली में कब आएगा मानसून
देश की राजधानी दिल्ली में तीन दिनों से देर रात और सुबह के वक्त बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत है, हालांकि उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो नई दिल्ली में 28 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। अगर मानसून की बात करें तो दिल्ली में 29 जून तक इसकी एंट्री हो सकती है। आमतौर पर 20 जून तक इसे उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड पहुंचना चाहिए था. हालांकि, ऐसा अभी हुआ नहीं है। इसकी वजह चक्रवात बिपजॉय का असर भी है, इसलिए मानसून की रफ्तार कम है।
ओडिशा में अगले 4-5 दिनों में बारिश के आसार
ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच गया है, जिसके कारण अगले चार-पांच दिनों में राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के मलकानगिरी, कोरापुट और गजपति जिले के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है तथा अगले दो दिनों के दौरान इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आईएमडी ने कहा कि अगले चार-पांच दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, पुरी, गंजाम और कंधमाल में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसमें सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज में बिजली गिरने के साथ आंधी चलने का भी अनुमान है।
इन राज्यों में आगे बढ़ा मानसून
मौसम विभाग की मानें तो तेलंगाना के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, झारखंड और बिहार में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ गया है।