Parliament Entry Rules: क्या आम नागरिक भी देख सकते हैं संसद की लाइव कार्यवाही? जानिए क्या कहते हैं नियम
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 09:22 AM (IST)
नेशनल डेस्क: टीवी या मोबइल में संसद भवन की कार्यवाही या बहस को देखकर अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या हम भी लोकसभा या राज्यसभा की कार्यवाही संसद भवन में बैठकर देख सकते है? लोगों के मन में अक्सर यह कंफ्यूजन रहती है कि संसद की कार्यवाही को लाइव देखने का अवसर सिर्फ जनप्रतिनिधियों को ही मिलता है, या फिर आम नागरिक भी इस कार्यवाही को देख सकते हैं। हम यहां आपकी इस कंफ्यूजन को दूर करते हुए बता दें कि आम आदमी भी संसद भवन में बैठकर इस प्रक्रिया को देख सकते हैं हालांकि इसके लिए उन्हें कुछ नियमों का पालन करना होगा। साथ ही यह भी बता दें कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के यहां प्रवेश नहीं कर सकता। संसद भवन में एंट्री के लिए आपको एक खास विजिटर पास बनवाना जरूरी होता है। ऐसे में अगर आप भी संसद की कार्यवाही देखना चाहते हैं तो आपको पास बनवाने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और वहां लागू नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि आम नागरिक संसद भवन में एंट्री कैसे पा सकते हैं-
एंट्री से पहले होती है कड़ी सुरक्षा जांच
संसद भवन देश के सबसे संवेदनशील और सुरक्षित परिसरों में से एक है। इसलिए यहां प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है। संसद भवन में एंट्री के समय पहचान पत्र की जांच होती है फिर उसके बाद मेटल डिटेक्टर से गुजरना पड़ता है और फिर
सुरक्षा जांच होती है।
कहां बैठकर देखते हैं संसद की कार्यवाही?
संसद भवन में आने वाले आम नागरिक लोकसभा या राज्यसभा के मुख्य सदन में नहीं बैठते। संसद भवन के ऊपरी हिस्से में पब्लिक गैलरी बनाई गई है, जहां बैठकर लोग कार्यवाही देखते है। इस गैलरी में भी बैठने के लिए एक विशेष विजिटर पास की आवश्यकता होती है।
इन सामानों को ले जाने की नहीं होती अनुमति
संसद भवन की सुरक्षा बनाए रखने के लिए कई तरह की पांबदियां होती हैं। मोबाइल फोन, कैमरा, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट वॉच, बैग, पेन ड्राइव, रिकॉर्डिंग उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होती है। इसके अलावा किसी भी प्रकार के हथियार, ज्वलनशील पदार्थ या सुरक्षा के लिए खतरा मानी जाने वाली वस्तुएं भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहती हैं।
