जानलेवा लापरवाही! महिला के पेट में 5 साल तक रही सर्जिकल कैंची, X-Ray हुआ तो...

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 10:45 AM (IST)

Medical Negligence Kerala : केरल के अलाप्पुझा जिले से चिकित्सा लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाए। यहां एक महिला के पेट में डॉक्टर सर्जरी के दौरान आर्टरी फोरसेप्स (एक प्रकार की सर्जिकल कैंची) भूल गए। हैरानी की बात यह है कि यह कैंची महिला के शरीर के अंदर पिछले 5 वर्षों से पड़ी हुई थी।

सर्जरी के बाद से ही सह रही थी असहनीय दर्द

पीड़ित महिला की पहचान पुन्नाप्रा निवासी उषा जोसेफ के रूप में हुई है। उषा के परिजनों के अनुसार मई 2021 में अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज (वंदनम) में उनके गर्भाशय के फाइब्रॉइड (Uterine Fibroid) निकालने के लिए एक ऑपरेशन हुआ था। उषा के बेटे शिबिन ने बताया कि उस सर्जरी के बाद से ही उनकी माँ को लगातार पेट में दर्द रहता था। वे कई बार उसी अस्पताल के डॉक्टरों के पास गए लेकिन किसी ने भी दर्द की असली वजह नहीं पकड़ी। सालों तक उषा इस दर्द को मामूली संक्रमण या गैस की समस्या समझकर सहती रहीं।

PunjabKesari

एक्स-रे ने खोला लापरवाही का राज

हाल ही में जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया तो उषा ने एक डॉक्टर की सलाह पर गुर्दे की पथरी (Kidney Stone) की जांच के लिए एक्स-रे करवाया। जब एक्स-रे की रिपोर्ट सामने आई तो डॉक्टर और परिजन सन्न रह गए। रिपोर्ट में उषा के पेट के अंदर एक आर्टरी फोरसेप्स (सर्जिकल कैंची) साफ दिखाई दे रही थी।

PunjabKesari

निजी अस्पताल में भर्ती, अगले हफ्ते होगा ऑपरेशन

सरकारी अस्पताल की इस बड़ी चूक के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। डॉक्टरों ने उषा को तुरंत सर्जरी कराकर इस औजार को बाहर निकालने की सलाह दी है। फिलहाल सुरक्षा और बेहतर इलाज के मद्देनजर उन्हें कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ अगले हफ्ते ऑपरेशन के जरिए इस कैंची को बाहर निकाला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News