केरल भाजपा के अध्यक्ष बने श्रीधरन पिल्लै
punjabkesari.in Monday, Jul 30, 2018 - 08:17 PM (IST)
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने जाने माने वकील पी एस श्रीधरन पिल्लै को पार्टी की केरल इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पिल्लै पहले भी केरल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। वह भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसक हमलों से जुड़े मुकदमों को देखते रहे हैं।
कुम्मणम राजशेखरन को मिजोरम का राज्यपाल बनाये जाने के कारण रिक्त हुए पद पर पिल्लै को नियुक्त किया गया है। कुछ अन्य संगठनात्मक नियुक्तियों में शाह ने दुष्यंत कुमार गौतम को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा सुनील देवधर और सत्या कुमार को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है।
शाह ने वी मुरलीधरन को आंध्रप्रदेश का प्रभारी तथा देवधर को सह प्रभारी का भी दायित्व सौंपा है। देवधर की अछ्वुत संगठन क्षमता का परिचय त्रिपुरा में मिला था जहां उन्होंने वामपंथी शासन को उखाड़ कर भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनाने में अहम भूमिका निभायी थी।