टुकड़े-टुकड़े गैंग को संरक्षण देने वाले केजरीवाल देशभक्ति के सर्टिफिकेट बांट रहे हैं: तरुण चुग
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 07:49 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पठानकोट में अरविंद केजरीवाल द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि जिस व्यक्ति ने जालसाजी, धोखाधड़ी, लूटपाट व भ्रष्टाचार के केस में महीनों तिहाड़ जेल में बिताए हों और आज जमानत पर बाहर हों, वह ईमानदारी पर भाषण देने से पहले आईने में अपना चेहरा देख ले। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनकी पूरी पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपों में इतनी बुरी तरह फंसी है कि अब वे दूसरों पर आरोप लगाकर अपने गुनाह छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
तरुण चुग ने कहा कि यह वही अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने टुकड़े-टुकड़े गैंग की मानसिकता रखने वालों को अपनी पार्टी का टिकट थमाया, जिन्होंने श्री राम मंदिर निर्माण के रास्ते में दीवार खड़ी करने की कोशिश की और प्राण प्रतिष्ठा जैसे राष्ट्रीय गौरव के क्षण का बहिष्कार किया, और जिन्होंने भारतीय सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर सेना के शौर्य पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार जैसी राष्ट्रीय त्रासदी का मजाक उड़ाने वाला यह बगुला भगत आज पंजाब में ईमानदारी की बात कर रहा है, यह इस देश की जनता के साथ सबसे बड़ा मजाक है।
उन्होंने कहा कि यह वही केजरीवाल हैं जिनके संरक्षण में IB अधिकारी अंकित शर्मा सहित अनेक हिंदुओं की हत्या करने वाला ताहिर हुसैन और दिल्ली की सड़कों पर खुलेआम हिंदू विरोधी गुंडागर्दी करने वाला विधायक अमानतुल्ला खान आज भी सुरक्षित घूम रहे हैं। तरुण चुग ने पूछा कि जो व्यक्ति दिल्ली को तमस और हिंदू विरोधी हिंसा में झोंकने वालों को संरक्षण देता हो, उसे पंजाब की जनता को ईमानदारी सिखाने का कोई नैतिक अधिकार कैसे हो सकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली शराब नीति घोटाले में केजरीवाल स्वयं, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जेल जा चुके हैं, और यही "ईमानदारी" वे अब पंजाब में बेचने आए हैं। भगवंत मान सरकार ने पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने के अलावा कुछ नहीं किया, और आज हर गांव, हर घर इस त्रासदी को झेल रहा है, जबकि आप सरकार आंकड़ों की बाजीगरी में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय केजरीवाल मूल मुद्दे से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच यह है कि पंजाब में नशे की सप्लाई चेन को खुद आप सरकार के संरक्षण में पनपने दिया गया। महिलाओं के खातों में हजार रुपये डालने और मुफ्त बिजली के दावे केवल चुनावी छलावा हैं, जबकि पंजाब का विकास कोष और ग्रामीण विकास फंड केंद्र में वर्षों से बकाया इसलिए पड़ा है क्योंकि राज्य सरकार खुद हिसाब देने से बचती रही है। तरुण चुग ने पंजाब की जनता से अपील की कि वे राष्ट्रविरोधी शक्तियों को संरक्षण देने वाली, राष्ट्रीय गौरव का अपमान करने वाली और भ्रष्टाचार में डूबी आम आदमी पार्टी के झूठे प्रचार में न आएं। जिस पार्टी का नेतृत्व स्वयं जेल जा चुका हो और जो हिंदू विरोधी तत्वों को पनाह देती हो, उसे ईमानदारी पर एक शब्द बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
