Kedarnath Yatra 2026: केदारनाथ धाम के दर्शनों से पहले इन 10 जरूरी बातों का रखें ख्याल, बैग पैक करने से पहले देख लें ये लिस्ट
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 05:58 PM (IST)
Kedarnath Yatra 2026 : केदारनाथ धाम के कपाट केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल सुबह 8 बजे से खुल गए हैं। कपाट खुलने पर 10 हजार से ज्यादा भक्त पहुंचे। जानकारी के अनुसार इस यात्रा के लिए अबतक 20 लाख से अधिक लोग ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। ऐसे में अगर आप भी इस यात्रा का लाभ उठने वाले हैं तो दर्शनों से पहले इन 10 जरुरी बातों का ध्यान जरुर रखें।
1. अनिवार्य पंजीकरण
यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन जरुरी है। यात्रियों और उनके वाहनों का आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के बाद मिलने वाले स्लॉट टोकन की यात्रा मार्ग पर जांच होगी, इसलिए इसे संभाल कर रखें।
2. मौसम का पूर्वानुमान
केदारनाथ में मौसम पल भर में बदल जाता है। फिलहाल वहां पर बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसलिए यात्रा की शुरुआत से पहले वहां का मौसम अच्छे से जांच लें।

3. स्वास्थ्य परीक्षण और फिटनेस
11,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर ऑक्सीजन कम होती है। अस्थमा, हृदय रोग या हाई बीपी के मरीज डॉक्टर की सलाह के बाद ही यात्रा करें। यदि आप पैदल ट्रेक करना चाहते हैं, तो यात्रा से कम से कम एक सप्ताह पहले नियमित पैदल चलने का अभ्यास शुरू कर दें।
4. पहले कर लें होटल की बुकिंग
केदारनाथ और आसपास के क्षेत्रों में ठहरने की जगह मिलना बेहद मुश्किल होता है। ऐसे में परेशानी से बचने के लिए होटल या होमस्टे की बुकिंग एडवांस में ही कर लें।
5. सही पहनावा और जूते
पहाड़ों से ठंड से बचने के लिए अपने साथ गर्म कपड़े, थर्मल, जैकेट, ऊनी मोजे और दस्ताने जरुर रखें। ट्रेकिंग के लिए अच्छी ग्रिप वाले और आरामदायक जूतों पहन कर जाएं। इसी के साथ बारिश से बचने के लिए रेनकोट जरुर रखें।
6. जरुरी दस्तावेज रखें साथ
यात्रा के दौरान अपने साथ जरुरी दस्तावेज जैसे अपना पहचान पत्र (ID Proof), पंजीकरण स्लिप, पासपोर्ट साइज फोटो अपने पास रखें अगर कोई बीमारी है तो उसका मेडिकल सर्टिफिकेट हमेशा अपने पास रखें।
7. दवाइयां और फर्स्ट-एड किट भी करें कैरी
यात्रा के दौरान अपनी नियमित दवाओं के साथ-साथ सिरदर्द, बुखार, उल्टी और बैंड-एड जैसी जरूरी चीजों वाली एक फर्स्ट-एड किट साथ रखें। अपने फोन के लिए पावर बैंक भी जरुर कैरी करें।

8. स्किन केयर का भी रखें ध्यान
तेज धूप से बचने के लिए सनस्क्रीन, चश्मा और टोपी अपने पास रखें। रात के समय या अंधेरे में चलने के लिए एक अच्छी टॉर्च भी लेकर जाएं।
9. बैग में रखें खाने की ये चीज़ें
ट्रेकिंग के दौरान बॉडी में एनर्जी बनाए रखने के लिए अपने बैग में ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट, एनर्जी बार और पानी की बोतल जरूर रखें। खुद को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है।
10. मंदिर परिसर में नहीं ले सकते फोन
केदारनाथ मंदिर में फोन ले जाने पर प्रतिबंध है। वहां फोटो खींचना, रील बनाना या वीडियो शूट करना सख्त मना है। नियमों का उल्लंघन करने पर दंड का प्रावधान है।
