कर्नाटक विधानसभा चुनाव के आज आएंगे नतीजे...राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा करेंगे सगाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, May 13, 2023 - 05:30 AM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब वोटों की गिनती का वक्त आ गया है। शनिवार को सभी 224 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे के बाद काउंटिंग शुरू होगी और थोड़ी ही देर बाद रुझान आने शुरू हो जाएंगे। सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। वहीं, जद (एस) समेत अन्य क्षेत्रीय दल परिणाम जानने के लिए सांस रोककर इंतजार कर रहे हैं। 
PunjabKesari
उधर, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा 13 मई सगाई करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों दिल्ली के कपूरथला हाउस में सगाई करने वाले हैं। राघव चड्ढा पवन सचदेव की डिजाइन की हुई अचकन और परिणीति चोपड़ा मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की हुई ड्रेस पहनेंगीं। 

जगत प्रकाश नड्डा से मिले जयराम ठाकुर, राजनीतिक हालात पर चर्चा 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। ठाकुर ने इस दौरान राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर प्रस्तावित रोडमैप पर चर्चा हुई। 

पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र 'कोमा' में : नड्डा 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र नाम की कोई चीज बची नहीं है, बल्कि यह कहना सही होगा कि वहां लोकतंत्र 'कोमा' (अचेतन अवस्था) में चला गया है। नड्डा ने यह बात 'डेमोक्रेसी इन कोमा: साइलेंस्ड वायसेस आफ वूमन विक्टिम्स इन बंगाल' के विमोचन के बाद अपने संबोधन में कही। 

ओडिशा : झारसुगुड़ा उपचुनाव के लिए मतगणना आज 
ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे शुरू होगी। उपचुनाव की इस सीट के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि मुकाबला तीन उम्मीदवारों तक ही सीमित है, जिसमें सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की दीपाली दास, कांग्रेस के तरुण पांडे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तंकाधर त्रिपाठी शामिल हैं। 

कांग्रेस कम से कम 141 सीटें जीतेगी, कर्नाटक में सरकार बनाएगी: शिवकुमार 
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को उन ‘एग्जिट पोल' को खारिज कर दिया जिनमें यह अनुमान जताया गया है कि पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी लेकिन विधानसभा में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलेगा। शिवकुमार ने दावा किया कि पार्टी कम से कम 141 सीटें जीतेगी और बहुमत की सरकार बनाएगी। शिवकुमार ने शनिवार को होने वाली मतगणना से एक दिन पहले कहा कि कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही थी।

सीबीआई ने समीर वानखेड़े के खिलाफ दर्ज की FIR, आर्यन खान मामले में 50 लाख वसूलने के लगे आरोप
सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने एनसीबी के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में एफआईआर दर्ज की है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार समीर वानखेड़े समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसमें NCB के अन्य अधिकारी शामिल हैं। सीबीआई की FIR में आरोप लगाए गए हैं कि समीर वानखेड़े और अन्य ने कोडिला क्रूज आर्यन खान ड्रग्‍स केस में 25 करोड़ की डिमांड की थी और 50 लाख उगाही के तौर पर ले लिए थे। 

'पढ़ाई के नाम पर बच्चों को मिल रहा सिर्फ किताबी ज्ञान', PM मोदी बोले-नई शिक्षा नीति से आएगा बदलाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पहले छात्रों को किताबी ज्ञान मिलता था लेकिन नई शिक्षा नीति इसमें बदलाव लाएगी। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक महासंघ के 29वें द्विवार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गूगल डेटा और सूचना दे सकता है लेकिन शिक्षकों की भूमिका छात्रों के मार्गदर्शक की होती है। 

 'मैं बेकसूर हूं'...यौन शोषण मामले में दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए बृजभूषण, बयान दर्ज 
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच यौन शोषण मामले में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के बयान दर्ज किए हैं। बृजभूषण ने दिल्ली पुलिस की SIT के सामने अपना बयान दर्ज करवाया है। बृजभूषण ने यौन शोषण के आरोपों को नकारा है। इसके साथ ही पुलिस ने उनसे कुछ दस्तावेज भी मांगे हैं। इस मामले की जांच के लिए छह पुलिसवालों की SIT टीम बनाई है जिसमें चार महिलाएं हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News