शादी के जोड़े में सजी दुल्हन, पर हाथ लगी दूल्हे की वो वाली फाइल! 5 पन्नों की चिट्ठी ने...
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 03:54 PM (IST)
Groom Concealed Wedding : कर्नाटक के श्रृंगेरी स्थित इडिगा समुदाय भवन में खुशियों का माहौल तब मातम और हंगामे में बदल गया जब एक बहादुर दुल्हन ने ऐन मौके पर शादी के बंधन में बंधने से इनकार कर दिया। 29 वर्षीय महिला ने दूल्हे के झूठ और उसके आपराधिक इतिहास का खुलासा होने के बाद मंडप छोड़ दिया। यह शादी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी निकली जहां एक गुमनाम चिट्ठी ने एक मासूम की जिंदगी बर्बाद होने से बचा ली।
भरोसे की बुनियाद पर पड़ा झूठ का पत्थर
यह दूल्हे की पहली और दुल्हन की दूसरी शादी थी। दुल्हन का पहली शादी से एक 9 साल का बेटा भी है। महिला इस रिश्ते के लिए सिर्फ इसलिए तैयार हुई थी क्योंकि दीक्षित ने वादा किया था कि वह उसके बेटे को पिता का प्यार देगा और उसे अपनाएगा लेकिन फेरों से ठीक पहले मिले एक 5 पन्नों के खत ने इस भरोसे की धज्जियां उड़ा दीं।
चिट्ठी में लिखे वो 5 खौफनाक सच
शादी की रस्में चल रही थीं तभी दुल्हन को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई चिट्ठी मिली। जब दुल्हन ने खत में लिखे आरोपों पर दूल्हे के परिवार से जवाब मांगा तो उन्होंने बाद में बात करेंगे कहकर पल्ला झाड़ लिया। दुल्हन के मुताबिक दूल्हे ने ये बातें छिपाई थीं:
उम्र का धोखा: 41 साल के दीक्षित ने अपनी असली उम्र को लेकर झूठ बोला था।
आपराधिक रिकॉर्ड: दूल्हे के खिलाफ कई पुलिस केस दर्ज हैं।
गंभीर आरोप: वह 2021 में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
पारिवारिक झूठ: उसने अपनी मां की बीमारी और सेहत को लेकर भी गलत जानकारी दी थी।
टालमटोल: किसी भी सवाल पर वह और उसका परिवार सच्चाई बताने के बजाय शादी जल्दी निपटाने के चक्कर में थे।
यह भी पढ़ें: "तू नामर्द है, किसी काम का नहीं..." इतना सुनते ही डॉक्टर पति की बदल गई नियत, फिर 4 मिनट का वीडियो बनाकर...
काउंसलिंग फेल, दुल्हन अपने फैसले पर अडिग
हंगामे की सूचना मिलते ही श्रृंगेरी पुलिस और बाल विकास परियोजना कार्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुल्हन को समझाने और मामला सुलझाने की कोशिश की लेकिन दुल्हन ने दोटूक शब्दों में कहा— "मैं ऐसी जगह अपनी जिंदगी की नई शुरुआत नहीं कर सकती जहां नींव ही झूठ और धोखे पर टिकी हो।" इतना कहते ही दुल्हन मंडप से बाहर निकल गई और बारात को बैरंग लौटना पड़ा। पुलिस ने अब इस पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है और दूल्हे के पुराने रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है।
