कानपुर शूटआउट: उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से गिरफ्तार गैंगस्टर विकास दुबे

Thursday, Jul 09, 2020 - 02:12 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गैंगस्टर विकास दुबे को पुलिस ने गुरुवार उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विकास दुबे को महाकालेश्वर मंदिर से गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस विकास को उज्जैन से उत्तर प्रदेश ला रही है। सूत्रों के मुताबिक विकास दुबे ने महाकालेश्वर मंदिर की पर्ची कटाई और इसके बाद खुद ही सरेंडर कर दिया। बता दें कि इससे पहले यूपी पुलिस ने विकास के दो साथियों को एनकाउंटर में मार डाला।

पुलिस ने कानपुर के बिकरु कांड मामले के मुख्य आरोपी विकास दुबे के करीबी रणबीर शुक्ला और प्रभात मिश्रा को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। प्रभात मिश्रा को पुलिस ने फरीदाबाद के होटल से गिरफ्तार किया था। मिली जानकारी के अनुसार प्रभात ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की जिसके बाद एनकाउंटर में प्रभात को मार गिराया गया।

वहीं विकास के करीबी रणबीर शुक्ला ने देर रात महेवा के पास हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर कार को लूटा था, उसके साथ तीन और बदमाश भी थे। पुलिस को जैसे ही लूट की खबर मिली, अधिकारियों ने चारों को सिविल लाइन थाने के काचुरा रोड पर घेर लिया। रणबीर ने बचने के लिए फायरिंग की जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और रणबीर शुक्ला को ढेर कर दिया। हालांकि, उसके तीन साथी भागने में कामयाब रहे।

Seema Sharma

Advertising