कंगना रनौत ने मनाया 40वां बर्थडे, PM मोदी ने दिया खास तोहफा, मंडी सांसद ने साझा कीं तस्वीरें
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 06:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क: बॉलीवुड की 'क्वीन' और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आज अपना 40वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। इस मौके पर उन्होंने देश की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कंगना के साथ उनका परिवार भी मौजूद था। अभिनेत्री से राजनेता बनीं कंगना ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और समय मिला
कंगना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीरों की एक श्रृंखला साझा की, जिसमें वह प्रधानमंत्री का अभिवादन करती नजर आ रही हैं। तस्वीरों में पीएम मोदी उन्हें एक फ्रेम भेंट कर रहे हैं। अपनी खुशी साझा करते हुए कंगना ने कैप्शन में लिखा आज परिवार के साथ माननीय प्रधानमंत्री जी का समय और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यह मेरे लिए एक यादगार जन्मदिन रहा है।

सिनेमा से संसद तक का सफर
कंगना रनौत भारतीय मनोरंजन जगत और राजनीति की सबसे चर्चित और मुखर शख्सियतों में से एक हैं। उन्होंने 'क्वीन', 'तनू वेड्स मनु' और 'मणिकर्णिका' जैसी फिल्मों से उन्होंने महिला-केंद्रित सिनेमा में अपनी धाक जमाई। कंगना ने साल 2024 में उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा। अपने पहले ही चुनाव में कंगना ने कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74,755 वोटों के बड़े अंतर से हराकर संसद का सफर तय किया।
मुखर अंदाज और राष्ट्रवादी विचारधारा
कंगना अक्सर अपने बेबाक बयानों और राष्ट्रवादी विचारों के लिए जानी जाती हैं। वह फिल्म इंडस्ट्री की प्रथाओं से लेकर शासन और राष्ट्रवाद के मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं। आज की यह मुलाकात न केवल उनके जन्मदिन का जश्न है, बल्कि एक सांसद के रूप में उनकी सक्रियता को भी दर्शाती है।
