गुना से जीते ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के उम्मीदवार यादवेंद्र राव को हराया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 03:57 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना लोकसभा सीट से जीत हासिल कर ली है। चुनाव आयोग के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया को अभी तक 919515 वोट मिले हैं, जबकि  कांग्रेस उम्मीदवार 380903 मिले हैं। मध्य प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। बीजेपी एमपी की सभी 29 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा के प्रमुख उम्मीदवार जो आगे हैं उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), शिवराज सिंह चौहान (विदिशा), फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला), शंकर लालवानी (इंदौर), वीडी शर्मा (खजुराहो), संध्या राय (भिंड), लता वानखेड़े (सागर), वीरेंद्र कुमार (टीकमगढ़), आलोक शर्मा (भोपाल) और रोडमल नागर (राजगढ़) शामिल हैं।

विदिशा में भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 6,31,401 मतों से आगे हैं। टीकमगढ़ से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार 3,81,703 मतो से आगे हैं। खजुराहो में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा 4,61,628 मतो से आगे हैं। नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राजगढ़ में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पीछे हैं। इस सीट पर रोडमल नागर 71,819 मतों से आगे हैं। छिंदवाड़ा में कांग्रेस के निवर्तमान सांसद नकुलनाथ पीछे हैं, जबकि भाजपा के विवेक बंटी साहू उनसे 78,908 मतो से आगे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया रतलाम में 1,93,542 मतों से पीछे हैं। इंदौर में भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी रिकॉर्ड 10,02,120 मतों से आगे हैं, जबकि ‘नोटा' (उपरोक्त में से कोई नहीं) को अब तक 2,06,224 मत मिले हैं। लालवानी और नोटा दोनों ही इन चुनावों में रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस चुनावी दौड़ से बाहर हो गई थी। कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार अक्षय कांति बम द्वारा अंतिम समय में अपना नामांकन वापस लेने के बाद पार्टी ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ‘नोटा' दबाने के लिए अभियान चलाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News