नड्डा आज त्रिपुरा में चुनावी अभियान की करेंगे शुरुआत...BBC डॉक्यूमेंट्री पर रोक के खिलाफ SC में सुनवाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Feb 03, 2023 - 05:25 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा शुक्रवार को त्रिपुरा में चुनावी अभियान की शुरुआत करने वाले हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने गुरुवार को कहा कि नड्डा पहली सभा को उनाकोटी जिले के कुमारघाट और उसके बाद गोमती जिले के अमरपुर में संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात और आठ फरवरी को दो दिवसीय प्रचार अभियान के लिए यहां पहुंचने वाले हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नौ फरवरी को रैलियों को संबोधित करने वाले हैं।  
PunjabKesari
उधर, बीबीसी की विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाने के सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एमएम सुंदरेश की पीठ सुनवाई करेगी। बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाए जाने के खिलाफ एन राम, महुआ मोइत्रा, प्रशांत भूषण और अधिवक्ता एमएल शर्मा ने याचिकाएं दायर की थीं।

संसद में रणनीति को लेकर विपक्षी दलों की बैठक, अडाणी एंटरप्राइजेज का उठाएंगे मुद्दा  
कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने संसद के मौजूदा बजट सत्र में अपनी रणनीति को लेकर बृहस्पतिवार को बैठक की और फैसला किया कि वे अडाणी एंटरप्राइजेज से जुड़ा मुद्दा और कुछ अन्य विषयों को इस सत्र के दौरान उठाएंगे। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में हुई बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय एवं डेरेक ओब्रायन, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, द्रमुक की कनिमोई, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के संजय राउत और कुछ अन्य दलों के नेता मौजूद थे। 

विदेश राज्यमंत्री मुरलीधरन शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे 
विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को श्रीलंका जाएंगे जहां वे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने सहित विविध विषयों पर चर्चा करेंगे। मुरलीधरन की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब श्रीलंका गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन 3 और 4 फरवरी को श्रीलंका की यात्रा पर जाएंगे जहां वे श्रीलंका के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे। 

सिद्धरमैया उत्तरी कर्नाटक और शिवकुमार दक्षिणी कर्नाटक की अलग-अलग यात्रा करेंगे 
कर्नाटक में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की ‘प्रजा ध्वनि यात्रा' के तहत शुक्रवार से अलग अलग बस से यात्रा पर निकल रहे हैं। इससे पहले दोनों ने उसके प्रथम चरण में एक साथ प्रदेश की यात्रा की थी। सिद्धरमैया की अगुवाई वाली कांग्रेस के नेताओं की टीम उत्तरी कर्नाटक के विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी जबकि शिवकुमार की अगुवाई वाला दल दक्षिणी कर्नाटक के जिलों को मथेगा। 

पुडुचेरी विधानसभा की संक्षिप्त बैठक आज
पुडुचेरी विधानसभा की बैठक शुक्रवार को आहूत की गई है। यह 15वीं विधानसभा के तीसरे सत्र का तीसरा भाग होगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सदन का यह संक्षिप्त सत्र रहेगा। गठबंधन मंत्रालय का नेतृत्व करने वाले एआईएनआरसी में 10 सदस्य हैं, जबकि इसके गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास छह सदस्य हैं। छह निर्दलीय विधायक हैं। विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के छह और कांग्रेस के दो सदस्य हैं। सदन में तीन मनोनीत विधायक हैं। 

J&K: परफ्यूम बम से अटैक की साजिश, छूते ही हो जाता ब्लास्ट...लश्कर का आतंकी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) दिलबाग सिंह ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को कई विस्फोटों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह आतंकवादी पहले एक सरकारी स्कूल का शिक्षक था। वह वैष्णो देवी तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस में हुए विस्फोट की घटना में भी कथित तौर पर शामिल था। दिलबाग सिंह ने पत्रकारों को बताया कि जम्मू के नरवाल में हाल ही में हुए दोहरे विस्फोट की जांच के बाद रियासी जिले के निवासी आरिफ को गिरफ्तार किया गया।  

पहले मारी टक्कर फिर 3-4 किलोमीटर तक बाइक को घसीटा, निकलती रहीं चिंगारियां
गुरुग्राम में एक व्यक्ति को अपनी तेज रफ्तार कार द्वारा मोटरसाइकिल को तीन किलोमीटर से अधिक तक घसीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि कार चालक ने पहले सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और जब दोपहिया वाहन कार के नीचे फंस गया, तो तेज रफ्तार कार उसे कई किलोमीटर तक घसीटती रही। सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े होने के कारण वह बाल-बाल बच गए, लेकिन कार ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

CBI अदालत ने पार्थ चटर्जी की जमानत अर्जी खारिज की, न्यायिक हिरासत 16 फरवरी तक बढ़ी
कोलकाता की एक सीबीआई अदालत ने सरकारी विद्यालयों में भर्ती अनियमितताओं के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए पश्चिमी बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की जमानत अर्जी बृहस्पतिवार को खारिज कर दी और उनकी न्यायिक हिरासत 16 फरवरी तक के लिए बढ़ा दी। अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मियों की भर्ती से जुड़े पश्चिम बंगाल विद्यालय सेवा आयोग के इस घोटाले की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया। 

अडाणी मामले में कांग्रेस का बड़ा हमला- PM मोदी ने बहुत मेहनत करके जो गुब्बारा फुलाया उसकी हवा निकल गई
कांग्रेस ने अडाणी एंटरप्राइजेज के मामले को लेकर बृहस्पतिवार को मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश की देखरेख में इस पूरे मामले की जांच की जाए और उसकी रिपोर्ट प्रतिदिन सार्वजनिक की जाए तथा इस प्रकरण को लेकर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन हो। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया, ‘‘मोदी जी, बहुत मेहनत करके जो गुब्बारा फुलाया, उसकी हवा निकल गई। सारे नियम कानून ताक पर रखकर मोदी जी ने एक आदमी पाल-पोसकर बड़ा किया। यह मोदी जी और अडाणी जी के बीच का मामला होता तो हमें क्या आपत्ति थी। 

रेल मंत्री का बड़ा ऐलान: भारत में 2026 से दौड़ेगी पहली बुलेट ट्रेन
बजट 2023 में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने टैक्स छूट समेत कई बड़ी घोषणाएं की। जिसमें कृषि, हेल्थ, शिक्षा और आदिवासी बुनियादी ढांचे जैसी कई सौगात दी हैं। वहीं इस बजट में रेलवे की बात करें तो रेलवे को बजट में 2.40 लाख करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है, जिसका स्वागत करते हुए रेलमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे को मिले बजट से नई तकनीकी की ट्रेनें जैसे वंदे भारत एक्सप्रेस, वंदे मेट्रो और हाइड्रोजन ट्रेन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News