जोरमथंगा ने मिजोरम के नए मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

punjabkesari.in Saturday, Dec 15, 2018 - 08:47 PM (IST)

आइजोलः मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष जोरमथंगा ने शनिवार को मिजोरम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह 12 सदस्यीय मंत्रिपरिषद का नेतृत्व करेंगे। राज्यपाल के. राजशेखरन ने यहां राजभवन में एक समारोह में जोरमथंगा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जोरमथंगा ने मिजो भाषा में शपथ ली। शपथ ग्रहण दो बार हुआ। पहली बारी में, प्रार्थना हुई, बाइबिल को पढ़ा गया और गोस्पेल से गीत गाया गया, जबकि दूसरे बारी में, नए मंत्रियों ने मिजो भाषा में शपथ ली।

किस-किस ने ली शपथ
एमएनएफ ने 40 सीटों से 26 पर जीत हासिल की है और पूर्वोत्तर में कांग्रेस के आखिरी किले को ढहाकर सत्ता में आई है। पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने साल 1998 और 2003 में मिजोरम में एमएनएफ सरकार का नेतृत्व किया था। जोरमथंगा के साथ 11 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें पांच कैबिनेट मंत्री और छह राज्य मंत्री शामिल हैं।

मंत्रिमंडल में और कौन हैं शामिल
पांच कैबिनेट मंत्री हैं: तॉनलुइया, आर लालथंगलियाना, लालचमलियाना, लालजिरलियाना और लालरिनसांगा। तॉनलुइया को राज्य का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। वह 1987-88 में लालडेंगा की सरकार में पुनर्वास मंत्री थे और 1998 और 2003 में जोरमथंगा की सरकार के दो कार्यकालों के दौरान गृह मंत्रालय का प्रभार संभाला है।

छह राज्य मंत्रियों में के. लालरिनलियाना, लालचंदामा राल्टे, लालरुआतकिमा, डॉ. के बेइचुआ, टी जे लालनुंत्लुआंगा और रॉबर्ट रोमाविया राल्टे शामिल हैं। लालथंगलियाना को कैबिनेट मंत्री बनाया गया हैं। वह 2008 से लाल थनहवला की अगुवाई सरकार में दो कार्यकाल से गृह मंत्री थे। उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और नवंबर में हुए चुनाव से पहले पार्टी ने उन्हें निकाल दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News