खाकी का 'Romantic' अंदाज! जब दुल्हन के सामने घुटनों पर बैठ गए 'सिंघम', IPS की रॉयल वेडिंग का Video Viral
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 11:33 AM (IST)
Jodhpur Royal Wedding : राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर एक बार फिर एक ऐसी भव्य शादी की गवाह बनी जिसकी चर्चा सरहदों से पार सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर हो रही है। संभल (यूपी) के एसपी आईपीएस केके बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा ने शाही अंदाज में सात फेरे लेकर एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। अनुशासन और वर्दी की सख्ती के बीच इस शादी में प्यार, मस्ती और राजस्थानी परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जयमाला का वो नटखट पल: वीडियो वायरल
शादी का सबसे चर्चित हिस्सा 'जयमाला' की रस्म रही। जब अंशिका वर्मा वरमाला लेकर आगे बढ़ीं तो केके बिश्नोई थोड़ा नखरे दिखाते हुए पीछे हटने लगे। काफी देर तक चले इस मजाक के बाद अंशिका ने बड़ी चतुराई से पहले केके की हथेली पकड़ी और फिर उनके गले पर हाथ रखकर उन्हें 'लॉक' कर दिया। अंत में 'सख्त' आईपीएस साहब को घुटनों के बल बैठना पड़ा और मुस्कुराते हुए जयमाला पहनी। यह वीडियो अब इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है।

अजीत भवन में हुई शाही शादी
रविवार को बाड़मेर से रवाना हुई बारात जब जोधपुर के अजीत भवन पहुंची तो नजारा किसी राजसी उत्सव जैसा था। जोधपुरी साफा, काला चश्मा और हाथ में कृपाण लिए केके बिश्नोई की 'रॉयल एंट्री' ने सबका ध्यान खींचा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक लोक संगीत के बीच दोनों अधिकारियों ने विधि-विधान से शादी की रस्में पूरी कीं।
IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई & IPS अंशिका बिश्नोई ने जोधपुर में एक दूसरे को वरमाला पहनाकर ख़ुद को हमेशा के लिए अपना बनाया...!😍💐 pic.twitter.com/tgxV4fQnAL
— Amazing Bishnoi Community (@BishnoiAmazing) March 29, 2026
फिल्मी रहा संगीत और रिंग सेरेमनी
शादी से पहले आयोजित कार्यक्रमों में आईपीएस बिश्नोई का बिल्कुल अलग अंदाज दिखा। रिंग सेरेमनी के दौरान केके ने ‘प्यार का सिग्नल’ और ‘चल प्यार करेगी’ जैसे गानों पर जबरदस्त डांस किया। जब उन्होंने अपने पिता सुजाना राम बिश्नोई के साथ ‘पापा कहते हैं’ गाने पर परफॉर्म किया तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। सगाई के दौरान केके ने अंशिका को गोद में उठाकर फिल्मी अंदाज में अपना प्यार जताया जिसे देखकर मेहमानों ने खूब तालियां बजाईं।

मेहंदी में रंगा खाकी का हाथ
एक कड़क पुलिस अधिकारी की छवि से दूर केके बिश्नोई मेहंदी और हल्दी के कार्यक्रमों में जमकर झूमते नजर आए। 27 मार्च से शुरू हुए इस जश्न में दोनों परिवारों ने राजस्थानी और आधुनिक गानों पर जमकर मस्ती की।

आज होगा भव्य रिसेप्शन
शादी के बाद आज यानी सोमवार को जोधपुर के लारिया रिसॉर्ट में एक ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों, राजनेताओं और वीआईपी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
