'Tarzan' Dhamaka: कबाड़ वाली Maruti 800 को बना दिया करोड़ों की Lamborghini! वीडियो देख आप भी कहेंगे WOW
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 11:20 AM (IST)
Jharkhand Tarzan Custom Lamborghini Video Viral : अगर इरादे फौलादी हों तो एक छोटा सा गैराज भी सपनों की फैक्ट्री बन सकता है। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल कस्बे में रहने वाले एक कार मैकेनिक ने ऐसा ही करिश्मा कर दिखाया है। मोहम्मद आरिफ जिन्हें पूरा इलाका अब टार्जन के नाम से जानता है उन्होंने अपनी पुरानी मारुति 800 को पूरी तरह बदलकर उसे लग्जरी सुपरकार Lamborghini Aventador की शक्ल दे दी है।
बचपन का सपना और 2 साल की कड़ी तपस्या
आरिफ बताते हैं कि उनके इस जुनून की शुरुआत साल 2004 में आई फिल्म 'टार्जन: द वंडर कार' को देखकर हुई थी। पेशे से मैकेनिक आरिफ ने पिछले 10 सालों से गाड़ियों के पुर्जों के साथ खूब माथापच्ची की है। इस सुपरकार को बनाने के लिए उन्होंने अपनी पुरानी मारुति 800 को चुना और लगातार 2 साल तक अपने छोटे से 'टार्जन गैराज' में दिन-रात मेहनत की।
यह भी पढ़ें: शुगर के मरीजों की टेंशन खत्म! अब बिना दवा और इंसुलिन के भी ठीक हो जाएगा Diabetes, जानें कैसे?
मात्र 4 लाख में करोड़ों वाला लुक
जहां असली लेम्बोर्गिनी की कीमत करोड़ों में होती है वहीं आरिफ ने इसे महज 4 लाख रुपये के बजट में तैयार कर लिया है। बॉडी कटिंग, वेल्डिंग और डिजाइनिंग का ज्यादातर काम आरिफ ने अपने हाथों से किया। कार को शानदार लुक देने के लिए इसमें 16 इंच के चौड़े अलॉय व्हील्स, स्पोर्टी एलईडी लाइट्स और एक दमदार म्यूजिक सिस्टम लगाया गया है। कार के अंदर दो सीटों वाला स्पोर्टी इंटीरियर दिया गया है। जब यह कार स्टार्ट होती है तो इसके एग्जॉस्ट (साइलेंसर) की आवाज बिल्कुल किसी विदेशी स्पोर्ट्स कार जैसी सुनाई देती है।
सोशल मीडिया पर छाया देसी टैलेंट
आरिफ की इस कार का वीडियो miya_bhai99110 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जो अब इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है। लाखों व्यूज और हजारों लाइक्स के साथ लोग आरिफ की कलाकारी के मुरीद हो गए हैं। यूजर्स कमेंट कर रहे हैं कि "अगर भारत के ऐसे टैलेंट को सही मंच मिले तो ये दुनिया बदल सकते हैं।"
चुनौतियां और हौसला
बिना किसी भारी मशीनरी या हाई-टेक सेटअप के, सिर्फ हथौड़े और वेल्डिंग मशीन के दम पर मारुति के इंजन पर लेम्बोर्गिनी की बॉडी फिट करना इंजीनियरिंग का एक अनोखा उदाहरण है। आरिफ का कहना है कि यह कार केवल उनकी मेहनत नहीं बल्कि उनके बचपन के उस सपने की जीत है जिसे उन्होंने कभी मरने नहीं दिया।



