झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर बड़ा बस हादसा, ब्रेक फेल होने से पलटी बस; 5 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 09:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमडेगा जिले के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके बाद ढलान पर संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कम से कम 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई की हालत गंभीर है।

जानकारी के मुताबिक “अनमोल” नाम की यात्री बस सुबह अपने तय रूट पर चल रही थी। जब बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान वाली सड़क पर पहुंची, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक ब्रेक काम करना बंद कर गए, जिससे बस तेजी से नीचे की ओर बढ़ी और कुछ ही पलों में सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंच गई। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों का इलाज कुनकुरी के अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैफिक बहाल कराया। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन वाहन की तकनीकी स्थिति, मेंटेनेंस और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में ढलान वाली सड़क और तेज रफ्तार वाहनों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल के महीनों में भी आसपास के जिलों में बस हादसों की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News