फेसबुकिया इश्क में कातिल बनी पत्नी! 9 हजार में खरीदा तमंचा और प्रेमी से करवा दी पति की हत्या

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 09:35 AM (IST)

Jhansi Murder Mystery: उत्तर प्रदेश के झांसी में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने फेसबुक प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुई वारदात?

रेलवे स्टेशन पर वेंडर का काम करने वाले जगभान कुशवाहा का शव 1 फरवरी की सुबह बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि 31 जनवरी की रात जगभान की पत्नी किरण ने उसे एक बहाने से घर से बाहर बुलाया था। वहां पहले से घात लगाकर बैठे किरण के प्रेमी शिव कुमार लोधी ने जगभान के सिर में गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

6 महीने का फेसबुक प्रेम और खूनी साजिश

पुलिस की पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई उसने सबको चौंका दिया। जगभान और किरण के तीन बच्चे हैं और वह परिवार के लिए हर महीने 20 हजार रुपये भेजता था। करीब 6 महीने पहले फेसबुक के जरिए किरण की मुलाकात शिव कुमार से हुई थी।

किरण का आरोप है कि जगभान शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि जगभान को किरण के अवैध संबंधों की भनक लग गई थी जिसका वह विरोध करता था। इसी कांटे को रास्ते से हटाने के लिए किरण ने हत्या की साजिश रची।

पत्नी ने ही दी थी हथियार की सुपारी

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार खुद पत्नी ने ही उपलब्ध कराया था। किरण ने प्रेमी शिव कुमार को तमंचा और कारतूस खरीदने के लिए 9 हजार रुपये दिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी मध्य प्रदेश भाग गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस की कार्रवाई

झांसी पुलिस ने सर्विलांस और कॉल डिटेल्स के आधार पर जब किरण को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस।मोबाइल फोन और घटना से जुड़े अन्य सबूत बरामद किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी किरण, उसके प्रेमी शिव कुमार और सहयोगी धर्मेंद्र लोधी को जेल भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News