जयराम रमेश का बड़ा दावा- पूरे सत्र में PM और गृह मंत्री सदन में नहीं रहे
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 05:34 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संसद के दोनों सदनों में गैर-मौजूदगी को लेकर बुधवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 1952 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरे सत्र के दौरान न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री लोकसभा या राज्यसभा में मौजूद रहे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में किया, ''1952 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरे सत्र के दौरान न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री लोकसभा या राज्यसभा में मौजूद रहे।''
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने सवाल किया कि गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में शिक्षा और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर दो दिन की चर्चा से दूरी क्यों बनाई। गोगोई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अब गृह मंत्री लोकसभा में आने से पहले एक और चर्चा चाहते हैं।'' उन्होंने कहा, ''जैसा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि लेक्चर देने का समय बीत चुका है। गृह मंत्री को दिल्ली में युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और बिहार में एके-47 के इस्तेमाल को लेकर सदन में बयान देना चाहिए।'' कांग्रेस नेता ने कहा, ''गृह मंत्री अमित शाह को संसद के दोनों सदनों में उपस्थित रहना चाहिए।''
