शादी और करियर का झांसा देकर लाखों रुपए में बेची लड़कियां, NGO की आड़ में मानव तस्करी का धंधा
punjabkesari.in Friday, Apr 11, 2025 - 12:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क. राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला कल्याण NGO की आड़ में लड़कियों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। पुलिस ने "सर्वसमाज गायत्री फाउंडेशन" नामक NGO के जरिए चल रहे एक बड़े मानव तस्करी रैकेट का खुलासा किया है। यह गिरोह फेसबुक के माध्यम से गरीब परिवारों को शादी और करियर का झांसा देकर लड़कियों को जयपुर लाता था और फिर उन्हें लाखों रुपये में बेच दिया करता था।
लालच देकर लड़कियों को लाया जाता था जयपुर
डीसीपी ईस्ट तेजस्विनी गौतम के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने NGO पर छापा मारा। NGO की संचालिका गायत्री विश्वकर्मा, उनके साथी भगवानदास, महेंद्र, हनुमान सिंह और एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया गया। यह गिरोह फेसबुक पर शादी का प्रचार करता था और उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल से गरीब लड़कियों को नौकरी का लालच देकर जयपुर लाता था। जयपुर आने के बाद इन लड़कियों को जान से मारने की धमकी दी जाती थी और उन्हें डेरों में बंद कर दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गायत्री इन लड़कियों के जाली दस्तावेज तैयार कर उन्हें शादी करने के लिए मजबूर करती थी, जिन लड़कियों की शादी नहीं हो पाती, उनका सौदा लाखों रुपये में तय किया जाता था। हाल ही में 16 साल की एक नाबालिग को अजमेर के दो दलाल 2.5 लाख रुपये में बेचने के लिए जयपुर लाए थे। उसके बाद उसे नशे की हालत में उत्तर प्रदेश भेजकर शादी के लिए मजबूर किया गया था। लेकिन नाबालिग लड़की भाग निकली और पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
खुलासा और गिरफ्तारी
नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की और बस्सी के सुजानपुरा में स्थित फर्जी एनजीओ पर छापा मारा। पुलिस ने पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि लड़कियों की कीमत उनके कद और शरीर के आधार पर तय की जाती थी। शादी के दौरान लड़कियों को दवाइयां दी जाती थीं ताकि वे विरोध न कर सकें।
NGO संचालिका के खिलाफ पहले भी दर्ज थे मामले
पुलिस ने बताया कि गायत्री के खिलाफ पहले से ही कानोता, खोह नागोरियान और ट्रांसपोर्ट नगर में कई मामलों की शिकायतें दर्ज थीं, जहां वह इस तरह के कामों में लिप्त थी। अब तक गायत्री के खिलाफ 10 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।