तलाक के 3 महीने बाद जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने की दूसरी शादी, निधि राजदान के साथ शुरू की नई जिंदगी
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 11:41 PM (IST)
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी शादी का आधिकारिक ऐलान किया। शादी के अगले दिन उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, "A new journey began yesterday"। इसके साथ ही निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उमर अब्दुल्ला को टैग करते हुए लिखा, "It's done, bro"।

31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट से मिला था तलाक
उमर अब्दुल्ला का यह नया विवाह उनकी पूर्व पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के तीन महीने बाद हुआ है। 31 जुलाई 2026 को उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत दोनों की आपसी सहमति से विवाह को भंग करने का आदेश जारी किया था। शीर्ष अदालत में दोनों पक्षों की ओर से उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने जानकारी दी थी कि दोनों पक्ष आपसी विवाद सुलझाने और लंबित मामलों को वापस लेने पर सहमत हो गए हैं। इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा तलाक की अर्जी खारिज किए जाने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था।

1994 में हुआ था पहला विवाह, 2009 से रह रहे थे अलग
उमर अब्दुल्ला और पायल का विवाह वर्ष 1994 में हुआ था, जिनकी पहली मुलाकात दिल्ली के द ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस विवाह से उनके दो बेटे जहीर और ज़मीर हैं। वर्ष 2009 से ही दोनों अलग रह रहे थे और 2011 में उमर अब्दुल्ला ने सार्वजनिक रूप से उनके अलग रहने की घोषणा की थी। लंबे समय तक अलग रहने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने का फैसला किया था।

