चौकीदार ‘प्योर है, उनका प्रधानमंत्री बनना श्योर है: राजनाथ सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 07:23 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘चोर’ कहे जाने वाले लोगों को आड़े हाथ लेते हुए कहा चौकीदार चोर नहीं ,प्योर है और उनका पुन: प्रधानमंत्री बनना श्योर है सिंह ने मंगलवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी फ्लाईओवर के नजदीक भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)की विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ देश का चौकीदार चोर नहीं, प्योर है और उनका दोबारा पीएम बनना श्योर है, देश की समस्याओं का यही क्योर (इलाज) है।’’

एक वीर लाशें नहीं गिनता
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री को चौकीदार चोर कह रहे हैं, क्योंकि देश का प्रधानमंत्री खुद को चौकीदार कहते है। कांग्रेस ने जिन लोगों को बैंक ऋण दिया, वे कर्ज लेने के बाद विदेश भाग गये। वही चौकीदार उन लोगों को विदेश से वापस लायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल के समय जब मुंबई में ताज होटल पर आतंकवादी हमला हुआ, तो उन्होंने कुछ नहीं किया। कुछ दिन पहले पुलवामा में फिदायीन हमले में 40 से अधिक जवानों की शहादत का बदला देश की सेना ने पाकिस्तान में घुसकर लिया। अब कांग्रेस वाले पूछ रहे हैं, ‘‘ मोदी जी आपकी सेना के जवान गए कितने लोगों को मारा। एक वीर कभी लाशें नहीं गिनता, वह दूसरे लोग होते हैँ जो लाशें गिनते हैं।’’

आज पाकिस्तानी सेना सफेद झंडे लहराती है
भाजपा नेता ने कहा,‘‘कांग्रेस के शासनकाल में जब पाकिस्तान भारत पर गोलीबारी करता था तो भारतीय सेना पहले सफेद झंडा लहराती थी, मेरे गृह मंत्री रहते एक बार पाकिस्तान ने गोलीबारी की और अधिकारी से पूछा कि क्या कार्रवाई की, अधिकारी ने बताया झंडा लहराया गया है। उन्होंने कहा,‘‘यह बात सुनकर मेरा खून खोल गया, मैंने तुरंत आदेश दिया पाकिस्तान अगर एक गोली चलाए तो भारत की गोलियों को गिना नहीं जाना चाहिए।’’

सिंह ने कहा कश्मीर अमन चाहता है, कश्मीर के लोग देश में जहां भी रहते हैं उनसे प्यार करो। कांग्रेस के भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी बताये जाने पर आड़े हाथों लेते हुए सिंह ने कहा कांग्रेस ही सबसे बड़ा सांप्रदायिक दल है जिसने देश के लोगों को हिंदू-मुसलमान में बांटा हुआ है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News