गुजरात में इसुदान गढ़वी होंगे AAP के सीएम उम्मीदवार, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान

punjabkesari.in Friday, Nov 04, 2022 - 03:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने ईशुदान गढ़वी को सीएम पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है। केजरीवाल ने अहमदाबाद में एक कार्यक्रम में इसका ऐलान किया है। इस दौरान मंच पर गोपाल इटालिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। अपने नाम का ऐलान होने पर गढ़वी भावुक नजर आए और स्टेज पर अपने माता के पैर छूकर आर्शीवाद लिया।  
 

केजरीवाल ने जनता से मांगी थी राय
केजरीवाल ने कहा कि 40 वर्षीय गढ़वी को पार्टी द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में 73 प्रतिशत वोट मिले हैं। गढ़वी के सामने पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया थे, जिन्होंने पाटीदार समुदाय के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गढ़वी द्वारका जिले के पिपलिया गांव के एक किसान परिवार से आते हैं और अन्य पिछड़ी जातियों से ताल्लुक रखते हैं, जो राज्य की आबादी का 48 फीसदी हिस्सा हैं। केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने लोगों से फोन नंबर पर फोन करने और रिकॉर्ड किए गए संदेश को सुनने के लिए कहा, जिसमें उन्हें अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुनने के लिए कहा गया था।

दो चरणों में होगा मतदान
गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 182 सीटों वाली विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 1 दिसंबर और दूसरे चरण के तहत 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, नतीजों का ऐलान हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम के साथ 8 दिसंबर को किया जाएगा।

गुजरात में कड़ा मुकाबला
भाजपा ने गुजरात में पिछले छह विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 सीट जीती थीं जबकि कांग्रेस को 77 सीट मिली थीं। प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो उस चुनाव में भाजपा को 49.05 प्रतिशत मत मिले थे जबकि कांग्रेस को 42.97 प्रतिशत मत मिले थे। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के कई विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इस वजह से विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 111 हो गई जबकि कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 62 पर पहुंच गई। इस बार के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी भी अपना दमखम दिखाने जा रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब तक दर्जनों बार वहां का दौरा कर चुके हैं।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News