क्रिकेटर ईशान किशन जल्दी करने जा रहे हैं शादी! जानें कौन हैं उनकी होने वाली दुल्हनिया
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 10:43 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर वह टी-20 टीम में वापसी कर चुके हैं।

कोलंबो में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की। मैच की शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए थे, जिससे टीम दबाव में आ गई थी। लेकिन ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और 40 गेंदों पर 77 रन की दमदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के लगाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी इस पारी की खूब तारीफ हो रही है।
निजी जीवन को लेकर आई बड़ी खबर
ईशान की शानदार बल्लेबाजी के बीच उनके निजी जीवन से जुड़ी एक अहम खबर भी सामने आई है। उनके दादा अनुराग पांडे ने मॉडल अदिति हुंडिया के साथ ईशान के रिश्ते पर खुलकर बयान दिया है।

दादा ने रिश्ते को दी मंजूरी
बिहार के औरंगाबाद में रहने वाले ईशान के दादा अनुराग पांडे ने साफ कहा कि परिवार को ईशान की पसंद मंजूर है। उन्होंने कहा, “हमें वही स्वीकार करना चाहिए जिससे बच्चे खुश रहें।” उन्होंने यह भी खुलकर कहा कि अदिति हुंडिया ईशान की गर्लफ्रेंड हैं और वे पेशे से एक मॉडल हैं। यह पहली बार है जब परिवार के किसी बड़े सदस्य ने सार्वजनिक रूप से इस रिश्ते को स्वीकार किया है।
#WATCH | Aurangabad, Bihar | Grandfather of Indian Cricketer Ishan Kishan, Anurag Pandey says, "...We are ready to accept whoever Ishan Kishan wants to marry. Aditi is his girlfriend...She is a model...One should accept what makes children happy..." (14.03) pic.twitter.com/narb5aZHtx
— ANI (@ANI) February 14, 2026
अदिति के बारे में क्या बोले दादा?
अनुराग पांडे ने एक इंटरव्यू में बताया, “ईशान जिससे भी शादी करेगा, हमें स्वीकार है। उसके बड़े भाई ने कहा था कि पल्लवी से शादी करेंगे, तो हमने करवा दी थी। अब इसकी भी करवा देंगे। अदिति उसकी गर्लफ्रेंड है। वो जयपुर में रहती है। मॉडल है और मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में दूसरे नंबर पर आई थी।”
उनके इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते की खबरें और पक्की हो गई हैं।
कौन हैं अदिति हुंडिया?

Aditi Hundia राजस्थान की राजधानी जयपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता जयपुर में कारोबारी हैं। अदिति 2018 में मिस डीवा का खिताब जीत चुकी हैं। इसके बाद उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में पहचान मिली। वह फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं और नेशनल ब्यूटी क्वीन प्रतियोगिता तक पहुंची हैं।

फैशन और ग्लैमर की दुनिया में अदिति की अच्छी पहचान है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

2019 से चल रही थी चर्चा
बताया जाता है कि 2019 के IPL सीजन के दौरान ईशान किशन और अदिति के रिश्ते की चर्चा शुरू हुई थी। उस समय स्टैंड में बैठी अदिति को “मिस्ट्री फैनगर्ल” कहा गया था। धीरे-धीरे दोनों के करीब आने की खबरें सामने आने लगीं। अब ईशान के दादा के बयान के बाद इस रिश्ते पर मुहर लगती नजर आ रही है। कुल मिलाकर, एक तरफ ईशान किशन मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, तो दूसरी ओर उनके निजी जीवन को लेकर भी खुशखबरी सामने आई है।
