क्रिकेट फैंस के लिए चौंकाने वाली खबर: IPL 2025 के बीच मैच फिक्सिंग पर BCCI का सख्त एक्शन, लगाया बैन...

punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 10:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: जब पूरा देश आईपीएल 2025 के रोमांच में डूबा है, उसी बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है। मुंबई टी-20 लीग के पूर्व सह-मालिक गुरमीत सिंह भामराह पर BCCI ने कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने साल 2019 में तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी और कोच भाविन ठक्कर को मैच फिक्सिंग के लिए उकसाया था। इस गंभीर आरोप की जांच BCCI के लोकपाल, रिटायर्ड जस्टिस अरुण मिश्रा ने की, और कार्रवाई के तहत गुरमीत भामराह पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालाँकि प्रतिबंध की अवधि की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन यह BCCI की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत पाँच साल से लेकर आजीवन प्रतिबंध तक हो सकती है।

 क्या था मामला?
घटना 2019 के मुंबई टी-20 लीग के दौरान की है, जब गुरमीत भामराह ने कथित तौर पर धवल कुलकर्णी से संपर्क कर मैच फिक्सिंग के लिए लालच दिया था। कुलकर्णी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं और उन्होंने यह मामला संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाया। अब जाकर, छह साल बाद, इस पर सख्त कार्रवाई हुई है।

 क्यों बंद हुई थी मुंबई टी-20 लीग?
मुंबई टी-20 लीग को एक समय पर बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू किया गया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे बंद करना पड़ा। भामराह इस लीग के अलावा जीटी-20 कनाडा लीग से भी जुड़े हुए थे, जो अब बंद हो चुकी है।

 एक बार फिर लौट रही है मुंबई टी-20 लीग
6 साल बाद, इस लीग की वापसी हो रही है और इसका आगाज़ 26 मई 2025 से होगा। इस बार इसे और भी बड़ा बनाने के लिए मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा को ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। इस सीजन में 2800 से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के मुताबिक, यह लीग मुंबई की युवा और उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को सामने लाने का एक बड़ा मंच साबित होगी। लेकिन वहीं दूसरी ओर, गुरमीत भामराह पर हुई कार्रवाई यह भी दर्शाती है कि क्रिकेट में भ्रष्टाचार के खिलाफ बीसीसीआई की नीति बिल्कुल ज़ीरो टॉलरेंस वाली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News