Oppo F35 Series की भारत में एंट्री 5 अक्टूबर को, दो नए 5G फोन होंगे लॉन्च
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 12:23 PM (IST)
Gedget News : Oppo भारत में अपनी नई F35 Series लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने सोमवार को इसकी लॉन्च डेट की जानकारी दी है। Oppo F35 Series को भारत में 5 अक्टूबर को लॉन्च किया जाएगा। इस सीरीज में दो स्मार्टफोन शामिल होंगे, जिन्हें Oppo F35 5G और Oppo F35 Pro 5G नाम से पेश किया जाएगा। कंपनी ने लॉन्च से पहले दोनों फोन का डिजाइन भी दिखाया है। Oppo F35 5G में पीछे की तरफ पिल शेप यानी गोली के आकार का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। वहीं, Oppo F35 Pro 5G में रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल मिलेगा। दोनों फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा।
अलग-अलग डिजाइन में आएंगे दोनों फोन
Oppo F35 5G में फोन के पीछे ऊपर की तरफ हॉरिजॉन्टल पिल शेप कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसमें दो कैमरे और LED फ्लैश मौजूद हैं। दूसरी ओर, F35 Pro 5G का डिजाइन इसके पिछले मॉडल जैसा दिखाई देता है। इसमें रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल और फ्लैट बैक पैनल मिलेगा। दोनों स्मार्टफोन में पावर बटन और वॉल्यूम बटन दाईं तरफ दिए गए हैं, जबकि बाईं तरफ कोई बटन नहीं है। Oppo F35 5G को कम से कम सफेद रंग में और F35 Pro 5G को ऑरेंज कलर में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है।
50MP सेल्फी कैमरा मिलेगा
Oppo ने बताया है कि F35 Series के दोनों फोन में 50 मेगापिक्सल का Ultra-Wide Natural Selfie Camera मिलेगा। यह कैमरा 100 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू के साथ आएगा और इसमें NaturalTone 2.0 फीचर दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार, Oppo F35 Pro 5G से 4K तक वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकेगी। फिलहाल कंपनी ने दोनों फोन के प्रोसेसर, कीमत और स्टोरेज वेरिएंट की पूरी जानकारी नहीं दी है। इनकी बाकी डिटेल्स लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है।
8,000mAh बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग की उम्मीद
एक रिपोर्ट के मुताबिक, Oppo F35 5G में MediaTek Dimensity 6360 प्रोसेसर दिया जा सकता है। वहीं, F35 Pro 5G में MediaTek Dimensity 7360 Max चिपसेट मिलने की संभावना है। दोनों फोन में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दिए जाने की भी उम्मीद है। इसके साथ 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि, बैटरी और चार्जिंग से जुड़ी इन जानकारियों की कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
