चूहों ने तीन डॉक्टरों को काट खाया, मरीजों में भी दहशत

punjabkesari.in Monday, Apr 09, 2018 - 12:26 PM (IST)

वेस्ट दिल्ली: आचार्य भिक्षु अस्पताल में घायलों का इलाज करने वाले डॉक्टर खुद सुरक्षित नहीं है। अस्पताल के आपातकालीन विभाग में चूहों ने एक माह में तीन डॉक्टरों को अपना शिकार बना लिया। डॉक्टर इस समस्या से इतने परेशान हुए कि इसकी शिकायत लेकर मेडिकल सुपिरटेंडेंट (एमएस)ऑफिस पहुंच गए। एमएस ऑफिस में डॉक्टरों को जल्द ही दवा के छिड़काव का आश्वासन दिया गया है। चूहों के आंतक के चलते आपातकालीन विभाग में भर्ती मरीजों में भी दहशत का माहौल है।

चूहों का सबसे ज्यादा आंतक डॉक्टर डयूटी रूम में देखने को मिल रहा है। चूहे और काकरोच शौचालय से डयूटी रूम में प्रवेश कर रहे है। आपातकालीन विभाग में चूहे और काकरोच भी मरीजों के बिस्तरों पर घूमते रहते है। मरीजों के खाने में भी कई बार काकरोच गिर पड़ते है। ऐसे में कर्मचारियों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज भी इस समस्या को लेकर कई बार बड़े अधिकारियों से शिकायत कर चुके है। रेजिडेंंट डॉक्टर ऐसोसिएशन के अध्यक्ष शिवम यादव का कहना है कि अस्पताल में आए दिन डॉक्टरों को चूहों द्वारा काटे जाने के मामले सामने आ रहे है। पिछले एक माह में तीन डॉक्टरों को चूहों ने काट लिया। हाल में ही एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर को चूहे ने काट खाया। जिसके बाद उनका खुद का उपचार आपातकालीन विभाग में करना पड़ा। इस बाबत दो दिन पहले मेडिकल सुपिरटेंडेंट के सामने शिकायत भी की है।  

उधर, अस्पताल के मेडिकल सुपिरटेंडेंट डॉक्टर भास्कर वर्मा ने भी चूहों के आंतक की बात को माना है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले मिली डॉक्टरों की शिकायत के बाद चूहे मारने की दवा और पेस्ट कंट्रोल के लिए फाइल को आगे बढ़ा दिया है। एक सप्ताह के अंदर आपातकालीन विभाग में दवा छिड़कने का काम किया जाएगा और इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी एक बार पेस्ट कंट्रोल और चूहे मारने की दवा का छिड़काव किया गया था। 

तेजी से फैलता है इन्फेक्शन
चूहे के काटने पर डॉक्टर के पास जाने में देर नहीं करनी चाहिए। डॉक्टरों के अनुसार यह इन्फेक्शन बॉडी में तेजी से फैलता है। 72 घंटे से लेट होने पर पीड़ित को होने वाला इन्फेक्शन कंट्रोल नहीं किया जा सकता। अगर डायबिटिक पेशेंट को चूहे ने काट लिया है और उनकी शुगर कंट्रोल में नहीं है, तो उन्हें ये इन्फेक्शन और भी तेजी से फैलता है। इतना ही नहीं उस अंग को काटना भी पड़ सकता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News