स्वच्छता के बाद चूहों में भी नंबर वन बना ये शहर! अस्पतालों में एंटी रेबीज डोज लगवाने के लिए लग रहा तांता

punjabkesari.in Tuesday, Dec 02, 2025 - 04:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : स्वच्छता में देश का नंबर-1 शहर मध्य प्रदेश का इंदौर इन दिनों चूहों के आतंक से जूझ रहा है। शहर के सबसे बड़े महाराजा यशवंतराव अस्पताल में नवजातों को कुतरने, शास्त्री ब्रिज में गड्ढा करने और रीगल चौराहे पर गांधी प्रतिमा की नींव खोखली करने तक, चूहों का यह प्रकोप अब गंभीर संकट बन चुका है। हाल ही में चूहों के काटने का नया मामला भी सामने आया है।

एंटी रेबीज डोज के लिए लोगों का तांता
इंदौर में एंटी रेबीज डोज लगवाने के लिए हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक में लोगों की भारी भीड़ लग रही है। इस साल शहर में चूहों के काटने (रेट बाइट) के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए हैं। अकेले जुलाई में 278 मामले सामने आए, जो सबसे अधिक हैं। पूरे 11 महीनों में 1280 से ज्यादा लोग चूहों के काटने की शिकार हुए हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस स्थिति पर मीम्स और व्यंग्यपूर्ण पोस्ट के माध्यम से नगर निगम के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।

‘चूहा-बाहुल्यता में भी नंबर-1’
कई लोगों ने तंज कसा है कि इंदौर अब स्वच्छता के साथ-साथ चूहा-बाहुल्यता में भी नंबर-1 बनने की दिशा में बढ़ रहा है। चूहों के काटने से पीड़ित लोगों ने बताया कि शहर में अब चूहों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पीड़ित लगातार एंटी रेबीज डोज लगवाने अस्पताल जा रहे हैं। उनके अनुसार सबसे ज्यादा चूहे हॉस्टल और खाने-पीने के होटलों के आसपास देखे जा रहे हैं।

दो मासूम नवजातों को काटा
सितंबर महीने में इंदौर संभाग के सबसे बड़े महाराजा यशवंतराव अस्पताल में चूहों ने दो मासूम नवजातों को काटा, जिसमें दोनों बच्चों की जान चली गई। यह घटना अस्पताल के एनआईसीयू नवजात ICU में हुई, जो स्वास्थ्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। इसे लेकर जय आदिवासी युवा संगठन ने प्रदर्शन किया और इसके बाद दोनों परिवारों को सरकार ने मुआवजा भी दिया। अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही मानते हुए कई कर्मचारियों और पेस्ट कंट्रोल एजेंसी पर कार्रवाई की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि बच्चों की मौत का मुख्य कारण चूहे ही थे।

शास्त्री ब्रिज और रीगल चौराहे पर चूहों का आतंक
चूहों ने शहर के बुनियादी ढांचे को भी नहीं छोड़ा। हाल ही में व्यस्त शास्त्री ब्रिज पर लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया, जिसकी मुख्य वजह पुल के नीचे चूहों के बनाए गए 20 से ज्यादा बिल थे, जिन्होंने नींव को कमजोर कर दिया। इसके अलावा, रीगल चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की रोटरी में भी चूहों ने 1000 से ज्यादा बिल खोदकर जमीन को खोखला कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News