खराब मौसम के कारण 40 हजार फीट पर हिचकोले खाने लगा विमान, यात्रियों में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Friday, Apr 11, 2025 - 10:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क. दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट (उड़ान संख्या 6E 5298) को गुरुवार को खराब मौसम का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान करीब 30 मिनट तक हवा में लगातार टर्बुलेंस यानी हिलते-डुलते रहा, जिससे यात्री काफी डर गए।

यात्रियों में से एक सत्य प्रकाश ने बताया कि विमान ने दोपहर 1:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के लगभग एक घंटे बाद विमान दिल्ली से करीब 350 किलोमीटर दूर और लगभग 40 हजार फीट की ऊंचाई पर था। तभी अचानक मौसम खराब हो गया। दोपहर 2:20 बजे के आसपास विमान जोर-जोर से हिलने लगा। विमान के बाहर कुछ भी नजर नहीं आ रहा था, क्योंकि विजिबिलिटी पूरी तरह से शून्य हो चुकी थी।

इस अप्रत्याशित हालात में विमान के अंदर डर का माहौल बन गया। कई यात्री घबरा गए और कुछ को ऐसा लगा जैसे यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर हो। सत्य प्रकाश ने बताया कि यह उनके जीवन का पहला ऐसा अनुभव था और वह खुद भी बेहद डर गए थे। करीब 2:45 बजे हालात और ज्यादा बिगड़ गए। विमान के अंदर यात्री और क्रू मेंबर भी घबरा गए और कई लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे।

इस दौरान विमान की क्रू मेंबर तान्या ने यात्रियों को समझाया और शांत रहने के लिए कहा। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि मौसम चाहे जितना भी खराब हो, इससे पहले भी कई बार सुरक्षित लैंडिंग हो चुकी हैं। हमें मिलकर इस मुश्किल घड़ी का सामना करना है और घबराना नहीं है।

काफी कठिन परिस्थितियों में पायलट ने अपनी सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए दोपहर 3:38 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। जैसे ही विमान जमीन पर उतरा, सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली और तालियों से पायलट और क्रू का आभार जताया।

बाद में पायलट ने बताया कि मौसम की स्थिति इतनी खराब थी कि विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई थी, जिससे विमान को उड़ाना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News