उड़ान भरते ही इंडिगो की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, 40 मिनट तक हवा में ही चक्कर लगाता रहा विमान

punjabkesari.in Monday, Jul 21, 2025 - 03:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के तिरुपति एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E 6591 में रविवार को उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को करीब 40 मिनट तक हवा में चक्कर काटना पड़ा। इसके बाद  इसे सुरक्षित रूप से तिरुपति एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराया गया। विमान में सवार यात्रियों में इस दौरान घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

क्या हुआ फ्लाइट में?
यह फ्लाइट एक एयरबस A321neo थी, जिसने तिरुपति से शाम 7:42 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के बाद विमान तिरुपति से कुछ दूरी पर स्थित वेंकेटनगरी तक गया, लेकिन वहां से यू-टर्न लेकर वापस लौट आया। इस दौरान विमान ने कई बार आकाश में चक्कर लगाए और रात 8:34 बजे इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Flightradar24 जैसी एविएशन ट्रैकिंग वेबसाइट्स पर इसका उड़ान मार्ग गोल-गोल घूमते हुए दिखाई दिया, जिससे साफ होता है कि विमान हवा में मंडरा रहा था। पायलट ने उड़ान के दौरान ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को समस्या की जानकारी दी और विमान को सुरक्षा के लिहाज से वापस लाने का निर्णय लिया गया।

वेबसाइट पर मिली भ्रामक जानकारी
हैरानी की बात यह रही कि इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर इस फ्लाइट की डिटेल्स कुछ और दिखाई गईं। वेबसाइट के अनुसार, फ्लाइट शाम 7:20 बजे रवाना हुई और 8:30 बजे हैदराबाद पहुंच गई, जबकि वास्तव में विमान कभी हैदराबाद पहुंचा ही नहीं। इस भ्रम के चलते यात्रियों में और नाराजगी देखी गई। हैदराबाद के लिए अगली फ्लाइट रद्द कर दी गई, जिससे कई यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गईं।

सोशल मीडिया पर यात्रियों का गुस्सा
इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि गुस्साए यात्री एयरलाइन स्टाफ से बहस कर रहे हैं और स्पष्ट जवाब मांग रहे हैं। यात्रियों का कहना था कि उन्हें ना तो समय पर जानकारी दी गई, ना ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News