टेकऑफ के बाद इंडिगो विमान में आई तकनीकी खामी, ढाई घंटे हवा में रहा प्लेन; 127 यात्री थे सवार

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 10:49 PM (IST)

नेशनल डेस्कः त्रिची से सिंगापुर जा रहे इंडिगो के एक विमान को तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को आपातकालीन परिस्थितियों में वापस लौटना पड़ा। इस विमान में कुल 127 यात्री सवार थे। तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद सुरक्षा कारणों से विमान को लगभग ढाई घंटे तक आसमान में ही चक्कर काटना पड़ा, जिसके बाद त्रिची अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

ईंधन कम करने के लिए हवा में चक्कर काटता रहा विमान
विमान ने शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे त्रिची हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। हवा में ही तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद विमान को वापस लाने का निर्णय लिया गया। सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए पायलट ने हवा में चक्कर लगाते हुए विमान का ईंधन (फ्यूल) कम किया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान हवाई अड्डे के अधिकारी और पायलट लगातार एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे।

सभी यात्री सुरक्षित, वैकल्पिक विमान से भेजे गए सिंगापुर
त्रिची एयरपोर्ट के निदेशक गोपालकृष्णन ने बताया कि लगभग ढाई घंटे तक हवा में चक्कर काटने के बाद विमान रात करीब 9:00 बजे सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर लैंड कर गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के बाद ही विमान को उतारा गया और सभी 127 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हवाईअड्डा प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, जिससे सभी यात्रियों को सिंगापुर भेजने का प्रबंध किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News