UAE ड्रोन हमले में मारे गए 2 भारतीयों की पहचान हुई, 6 घायलों में भी 2 इंंडियन शामिल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 18, 2022 - 07:10 PM (IST)

दुबई: अबू धाबी के हवाई अड्डे के पास सोमवार को हूती विद्रोहियों के संदिग्ध ड्रोन हमलों में मारे गए दो भारतीयों की पहचान हो गई है। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में कई विस्फोट हुए। दूतावास ने बताया कि हमलों में घायल हुए छह लोगों में भी दो भारतीय हैं। दोनों को उपचार के बाद सोमवार रात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सोमवार को अबू धाबी में ड्रोन हमला करने का दावा यमन के हूती विद्रोहियों ने किया था। इस हमले में दो भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गयी थी। तीनों एडीएनओसी (अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी) के कर्मी थे।

 

विस्फोट ‘छोटी-छोटी उड़ने वाली वस्तुओं' के कारण हुए, जो संभवत: ड्रोन हो सकते हैं और ये अबू धाबी में तीन पेट्रोलियम टैंकरों पर गिरे। अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि मारे गये दोनों भारतीय नागरिकों की पहचान कर ली गयी है। उसने ट्वीट किया, ‘‘अबू धाबी में भारतीय दूतावास के अधिकारी उनके परिवारों के साथ संपर्क में हैं। मिशन उनके शव जल्द प्राप्त करने के लिए एडीएनओसी समेत UAE के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।'' हालांकि, दूतावास ने उनकी पहचान उजागर नहीं की है। उसने ट्वीट किया, ‘‘छह घायलों में दो भारतीय नागरिक हैं। उन्हें कल रात उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। हम यूएई सरकार, उनके विदेश मंत्रालय और एडीएनओसी समूह के समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं।''

 

UAE में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने सोमवार को ‘द नेशनल' अखबार से बातचीत में कहा कि दोनों मृत भारतीय नागरिकों के परिवारों को भारत सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। सरकारी स्वामित्व वाली एडीएनओसी ने सोमवार को ट्वीट किया था, ‘‘आज सुबह करीब 10 बजे अबू धाबी में मुस्साफाह फ्यूल डिपो में एक घटना घटी थी, जिसके कारण आग लग गयी। एडीएनओसी को यह बताते हुए अत्यंत दु:ख है कि उसके तीन कर्मी मारे गये।'' कंपनी ने ट्वीट किया, ‘‘इस समय पूरा एडीएनओसी परिवार आज सुबह मारे गये हमारे सहयोगियों के परिजनों और दोस्तों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करता है।''

 

इस बीच, ड्रोन हमले के एक दिन बाद कई लोगों ने इसकी निंदा की और एकजुटता प्रदर्शित की। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान से बातचीत की। सऊदी के क्राउन प्रिंस ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने भी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। यूएई के विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यूएई इन हमलों पर जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखता है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News