Railway New Rule: Waiting Ticket वालों की हुई मौज, चलती ट्रेन में भी बुक होगी Confirm Seat

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 12:22 PM (IST)

Railway New Rule:  भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। जल्द ही यात्रियों को अब ट्रेन छूटने के बाद भी कंफर्म टिकट मिलने की सुविधा मिल सकती है। दरअसल,  रेलवे एक ऐसे नए सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसके तहत ट्रेन में  पड़ी खाली सीटों की जानकारी रियल टाइम में IRCTC प्लेटफॉर्म पर दिखाई देगी।

क्या है नया सिस्टम?
अभी तक किसी यात्री के यात्रा न करने पर खाली हुई सीटों की जानकारी केवल ट्रेन में मौजूद TTE के पास रहती थी। ऐसे में वह सीट ट्रेन के अंदर ही आवंटित की जाती थी। लेकिन नए सिस्टम के लागू होने के बाद खाली सीटों का डेटा सीधे ऑनलाइन अपडेट होगा। रेलवे TTE को दिए गए Hand Held Terminal (HHT) डिवाइस को अपग्रेड कर रहा है। जैसे ही TTE किसी खाली बर्थ को सिस्टम में अपडेट करेगा, वह सीट IRCTC और रेलवे के बुकिंग पोर्टल पर लाइव दिखाई देने लगेगी।

यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?
इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्री ट्रेन रवाना होने के बाद भी रास्ते के किसी स्टेशन से उपलब्ध सीट देखकर टिकट बुक कर सकेंगे। इससे वेटिंग लिस्ट और RAC में फंसे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अगर किसी ट्रेन में कंफर्म टिकट वाला यात्री सफर नहीं करता है और उसकी सीट खाली रह जाती है, तो वह सीट तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। दूसरे यात्री उस सीट को बुक करके यात्रा कर सकेंगे।

Waiting और RAC यात्रियों को राहत
रेलवे का मकसद Ticket allocation process को और अधिक पारदर्शी बनाना है। नए सिस्टम के जरिए वेटिंग और RAC यात्रियों को उपलब्ध सीटों का लाभ तेजी से मिल सकेगा। कई मामलों में खाली सीटें बेकार जाने की बजाय जरूरतमंद यात्रियों को मिल सकेंगी।

TTE को दी जा रही ट्रेनिंग
रेलवे प्रशासन ने इस तकनीकी बदलाव को सफल बनाने के लिए अधिकारियों और TTE कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। HHT डिवाइस में नए फीचर्स जोड़े जा रहे हैं ताकि सीटों की स्थिति तुरंत अपडेट की जा सके।

ऐसे काम करेगा पूरा सिस्टम
मान लीजिए किसी ट्रेन में कंफर्म टिकट वाला यात्री यात्रा नहीं करता। टिकट जांच के दौरान TTE उस सीट को खाली घोषित करेगा। इसके बाद सीट की जानकारी तुरंत रेलवे सर्वर पर अपडेट हो जाएगी और IRCTC प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने लगेगी। फिर कोई भी यात्री अगले स्टेशन से उस उपलब्ध सीट की बुकिंग कर सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News