भारतीय नौसेना को इस साल के अंत तक मिलेगा नया जंगी जहाज, समुद्री लुटेरों और दुश्मनों पर रखी जाएगी पैनी नजर

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2024 - 02:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय नौसेना को इस वर्ष के अंत तक एक नया जंगी जहाज प्राप्त होने वाला है, जो समुद्री लुटेरों के साथ-साथ चीन और पाकिस्तान की गतिविधियों पर निगरानी रखने में सक्षम होगा। इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई भी की जा सकेगी। नौसेना के लिए दो युद्धपोत रूस में निर्माणाधीन हैं। ये दोनों युद्धपोत तलवार क्लास के स्टेल्थ फ्रिगेट हैं। एक का नाम आईएनएस तुशील (INS Tushil) है, जो इस साल के अंत तक भारतीय नौसेना को सौंप दिया जाएगा, जबकि दूसरा, आईएनएस तमाला (INS Tamala), अगले साल तक प्राप्त होगा।

PunjabKesari

इन दोनों युद्धपोतों का निर्माण रूस के यांतर शिपयार्ड में हो रहा है। अब तक तलवार क्लास के सात युद्धपोत बनाए जा चुके हैं, जिनमें से छह सक्रिय हैं। चार नए युद्धपोत बनाए जा रहे हैं, जिनमें से दो रूस में और दो भारत में बनाए जाएंगे। इन जंगी जहाजों का समंदर में डिस्प्लेसमेंट 3850 टन है। इनकी लंबाई 409.5 फीट, बीम 49.10 फीट और ड्रॉट 13.9 फीट है। ये जहाज अधिकतम 59 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकते हैं। यदि इनकी गति को 26 किमी/घंटा किया जाए, तो ये 4850 किमी तक जा सकते हैं। 56 किमी/घंटा की रफ्तार से चलते हुए ये 2600 किमी की दूरी तय कर सकते हैं।

यह जंगी जहाज 18 अधिकारियों सहित 180 सैनिकों को 30 दिनों तक समंदर में तैनात रख सकता है। इसके बाद इसमें रसद और ईंधन भरना आवश्यक होता है। ये जंगी जहाज इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम से लैस हैं और इसमें चार केटी-216 डिकॉय लॉन्चर्स लगे हैं। इसमें 24 Shtil-1 मीडियम रेंज की मिसाइलें, 8 इगला-1ई, 8 वर्टिकल लॉन्च एंटी-शिप मिसाइल क्लब, और 8 वर्टिकल लॉन्च एंटी-शिप और लैंड अटैक ब्रह्मोस मिसाइलें तैनात हैं।

PunjabKesari

इसके अलावा, इसमें एक 100 मिमी की A-190E नेवल गन और एक 76 मिमी की ओटो मेलारा नेवल गन लगी है। इसके साथ ही, दो AK-630 CIWS और दो काश्तान CIWS गन भी लगी हैं। इन खतरनाक बंदूकों के अलावा दो 533 मिमी की टॉरपीडो ट्यूब्स और एक रॉकेट लॉन्चर भी तैनात किया गया है। इस जंगी जहाज पर एक कामोव-28, एक कामोव-31, या ध्रुव हेलिकॉप्टर भी लैस किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Utsav Singh

Related News