अमेरिका में सुरक्षित नहीं इंडियन ! 48 घंटों में एक और भारतीय की गोली मारकर हत्या,अब पंजाब का युवक बना शिकार

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 08:17 PM (IST)

New York: अमेरिका में महज 48 घंटे के भीतर दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या ने भारतीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। न्यूयॉर्क में 27 वर्षीय गुरदीप सिंह की कहासुनी के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि इससे पहले टेनेसी में 62 वर्षीय गुजराती कारोबारी सुरेश पटेल लूट के दौरान गोली का शिकार हुए थे। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।  न्यूयॉर्क शहर के क्वींस निवासी 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे पूर्वी न्यूयॉर्क के स्टेनली एवेन्यू के पास हुई। 

 

बताया जा रहा है कि गुरदीप की एक अज्ञात व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो गुरदीप के सीने में गोली लगी हुई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।  गुरदीप सिंह  पंजाब के कपूरथला ज़िले के जबोवाल गाँव का रहने वाला था और 2017 में 'डंकी रूट' से अमेरिका गया था। सिंह न्यूयॉर्क शहर में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम कर रहा था और अभी US वर्क परमिट पर वहाँ रह रहा था; वह पिछले नौ सालों से अपने परिवार से नहीं मिला था।

 

स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में दो लोग सड़क पर आपस में लड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद अचानक रोशनी की चमक दिखाई देती है, जिसे गोली चलने का संकेत माना जा रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति जमीन पर गिरता नजर आता है, जबकि दूसरा व्यक्ति एक कार में बैठकर मौके से फरार हो जाता है।पुलिस ने शनिवार सुबह तक घटनास्थल से सबूत जुटाए, लेकिन फिलहाल किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। करीब एक दशक पहले गुरदीप अमेरिका आए थे। अमेरिका स्थित नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन (NAPA) ने गुरदीप सिंह की हत्या पर दुख जताया है। 

 

NAPA के कार्यकारी निदेशक सतनाम सिंह चहल ने कहा कि ऐसी घटनाओं को केवल अलग-अलग अपराध मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब किसी युवा पंजाबी या सिख व्यक्ति की हत्या होती है तो पूरा परिवार तबाह हो जाता है और इस तरह की हिंसा को रोकने की जरूरत है। गुरदीप सिंह की हत्या से पहले अमेरिका के टेनेसी राज्य के जैक्सन शहर में गुजराती कारोबारी 62 वर्षीय सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।  वारदात के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी दुकान के अंदर मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता को गोली लगते देखा।स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, सुरेश पटेल ने घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही दुकान की जिम्मेदारी संभाली थी। कारोबार शुरू करने के कुछ ही दिनों बाद हुई उनकी हत्या ने परिवार और गुजराती समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News