IIT में फेल बेटे ने टाइम्स स्क्वायर पर मां को दिया शानदार तोहफा; पूरी दुनिया के लिए बन गया मिसाल, Video जीत रहा लोगों का दिल

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 04:11 PM (IST)

International Desk:कभी IIT  की परीक्षा में असफल होने के बाद निराशा का सामना करने वाले भारतीय युवक ने आज ऐसी सफलता हासिल की कि उसकी कहानी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई। अमेरिका में गूगल में कार्यरत भारतीय मूल के युवक Abhijay Arora Vuyyuru ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध Times Square पर अपनी मां की तस्वीर प्रदर्शित कर उन्हें सम्मानित किया। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों का दिल जीत रहा है।वीडियो में अभिजय अपनी मां को वीडियो कॉल करते हैं और फिर उन्हें टाइम्स स्क्वायर के विशाल डिजिटल बिलबोर्ड पर लगी उनकी तस्वीर दिखाते हैं। अपनी तस्वीर को दुनिया के सबसे मशहूर स्थानों में से एक पर देखकर मां के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। अभिजय ने इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा कि यह उनके जीवन का सबसे खास दिन था और वह अपनी मां के त्याग और संघर्ष के प्रति आभार व्यक्त करना चाहते थे।

 

पंचकूला से शुरू हुआ संघर्ष
अभिजय ने बताया कि उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से आता है। उनका जन्म हरियाणा के Panchkula में हुआ था, जहां उनकी मां ने अकेले ही उनका पालन-पोषण किया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां ने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि उन्हें अच्छी शिक्षा मिले, जबकि स्वयं उन्होंने अपनी पढ़ाई सेकेंड हैंड किताबों से की थी। अभिजय ने अपने जीवन के सबसे कठिन दौर को याद करते हुए बताया कि 2012 में वह आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफल नहीं हो सके थे। उन्होंने लिखा, "मुझे आज भी याद है जब मैं IIT में असफल हुआ था और मैंने अपनी मां को रोते हुए देखा था। उसी दिन मैंने खुद से वादा किया था कि एक दिन सब कुछ बदल जाएगा और मैं उन्हें गर्व महसूस कराऊंगा।"

 

बिना नौकरी के ग्रेजुएशन और फिर... 
अभिजय का सफर आसान नहीं था। 2016 में उन्होंने बिना किसी नौकरी के ग्रेजुएशन पूरा किया। 2017 में एक हैकाथॉन जीतने के बाद उनके करियर ने नई दिशा पकड़ी। उन्होंने बताया कि 2016 से 2020 तक उन्होंने किसी बड़ी टेक कंपनी में काम नहीं किया। इस दौरान वह लगातार तैयारी करते रहे और GMAT परीक्षा तीन बार दी। लोगों ने अमेरिकन ड्रीम छोड़ने को कहा गया, लेकिन वह नहीं माने। अभिजय के अनुसार, 2021 में कई बिजनेस स्कूलों ने उनके आवेदन खारिज कर दिए थे। कुछ सलाहकारों ने उन्हें अमेरिकी सपना छोड़ देने की सलाह भी दी लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनके शब्दों में, "मैंने और ज्यादा मेहनत करने का फैसला किया।" उनकी मेहनत रंग लाई और 2022 में उन्हें Harvard University से प्रवेश का प्रस्ताव मिला। इसके बाद 2025 में Google ने भी उन्हें नौकरी के लिए चुन लिया।

 

मां के नाम सबसे बड़ा सम्मान
सफलता हासिल करने के बाद अभिजय ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपनी मां को दिया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो उन सभी लोगों को समर्पित है जिन्होंने अपने सपनों की कीमत पर अपने बच्चों के सपनों को पूरा करने में मदद की। उनका संदेश था:"कभी हार मत मानो और उन लोगों के प्रति हमेशा आभारी रहो जिन्होंने अपने सपनों का त्याग करके तुम्हारे सपनों को पूरा किया।" वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने अभिजय की सराहना की। एक यूजर ने लिखा, "अगर आपकी मां मुस्कुरा रही हैं तो आपने जिंदगी में सब कुछ हासिल कर लिया है।" दूसरे ने कहा, "यह केवल सफलता की कहानी नहीं, बल्कि मां के त्याग को सम्मान देने की मिसाल है।" अभिजय की कहानी यह साबित करती है कि एक परीक्षा में असफलता जीवन की अंतिम मंजिल नहीं होती। लगातार मेहनत, धैर्य और परिवार के समर्थन से असंभव दिखने वाले सपने भी पूरे किए जा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News