Indian Idol 12 के विनर का हुआ एक्सीडेंट, अस्पताल से सामने आया वीडियो
punjabkesari.in Monday, May 05, 2025 - 12:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क. इंडियन आइडल सीजन 12 के विजेता पवनदीप राजन के प्रशंसकों के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय गायक एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। यह दुर्घटना अहमदाबाद के पास हुई है, जिसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें उन्हें अस्पताल के बिस्तर पर बेहोश लेटा हुआ देखा जा सकता है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। इस खबर के फैलते ही उनके प्रशंसक सदमे में हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 3:40 बजे हुआ। रिपोर्टों में बताया गया है कि इस भयानक दुर्घटना में पवनदीप राजन को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना कैसे हुई और उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति क्या है। हालांकि, सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पवनदीप राजन के बाएं पैर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, क्योंकि डॉक्टर उनके पैर में पट्टी बांध रहे हैं। उनकी गंभीर हालत देखकर उनके प्रशंसक काफी चिंतित हैं।
गौरतलब है कि पवनदीप राजन ने हाल ही में पिछले महीने 27 अप्रैल, 2025 को अपना जन्मदिन मनाया था। उनके जन्मदिन पर उनके एक करीबी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर उन्हें बधाई दी थी। पवनदीप राजन ने वर्ष 2021 में इंडियन आइडल 12 की ट्रॉफी जीती थी, जिसके साथ उन्हें 25 लाख रुपये की नकद राशि और एक नई कार भी मिली थी। उनके प्रशंसक अब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।