FBI की मोस्ट वांटेड सूची में भारतीय गैंगस्टर मेजर सिंह का नाम भी शामिल, पंजाब के जग्गू भगवानपुरिया गैंग से कनैक्शन
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 12:49 PM (IST)
Washington: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने भारतीय गैंगस्टर मेजर सिंह (Major Singh) को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है। FBI के मुताबिक, 29 वर्षीय मेजर सिंह पंजाब से शुरू हुए जग्गू भगवानपुरिया गैंग का अहम ऑपरेटिव है और अमेरिका में इस संगठित अपराध नेटवर्क की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल रहा है।अमेरिकी एजेंसी ने मेजर सिंह की तस्वीर जारी करते हुए उसके बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से FBI से संपर्क करने की अपील की है। FBI के अनुसार, मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के Central District of California की संघीय अदालत में मामला दर्ज है। उस पर RICO Act का उल्लंघन करने की साजिश और बिना लाइसेंस हथियारों का कारोबार करने की साजिश से जुड़े आरोप हैं।
Major Singh is #wanted by the #FBI for his alleged involvement in a transnational criminal organization known as The Jaggu Bhagwanpuria Organized Crime Group. The group allegedly engaged in racketeering and firearms conspiracies, and operated in the Central District of… pic.twitter.com/YGV3A3ad9f
— FBI Most Wanted (@FBIMostWanted) August 18, 2026
RICO कानून अमेरिका में संगठित अपराध और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े मामलों में इस्तेमाल किया जाता है। FBI के मुताबिक, जग्गू भगवानपुरिया गैंग एक ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन है, जिसकी शुरुआत पंजाब में हुई और जिसने कैलिफोर्निया समेत अमेरिका के अन्य हिस्सों में कथित तौर पर गतिविधियां संचालित कीं। एजेंसी ने इस नेटवर्क पर रैकेटियरिंग, बिना लाइसेंस हथियारों के कारोबार, नियंत्रित नशीले पदार्थों की तस्करी और उन्हें वितरित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
25 जून को जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट
FBI रिकॉर्ड के मुताबिक, मेजर सिंह के खिलाफ 25 जून 2026 को संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अब अमेरिकी जांच एजेंसी उसकी तलाश कर रही है। FBI के रिकॉर्ड में मेजर सिंह की जन्मतिथि 20 जुलाई 1997 बताई गई है और उसकी राष्ट्रीयता भारतीय दर्ज है। एजेंसी के मुताबिक, उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 182 पाउंड है। उसके बाल और आंखें काली बताई गई हैं। FBI ने लोगों से अपील की है कि अगर मेजर सिंह के बारे में कोई जानकारी हो तो वे अपने स्थानीय FBI कार्यालय, नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें या FBI के ऑनलाइन टिप पोर्टल पर जानकारी दें।
अमेरिका, कनाडा और यूरोप में बड़ा ऑपरेशन
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियां भारत से जुड़े ट्रांसनेशनल संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रही हैं। इसी महीने की शुरुआत में एक संयुक्त अभियान के दौरान अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से 11 गिरफ्तारियां कैलिफोर्निया में हुई थीं। इन लोगों को भारत से जुड़े तीन ट्रांसनेशनल संगठित अपराध समूहों से कथित संबंधों के मामले में गिरफ्तार किया गया।
‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भी नाम
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, Operation Hardball के तहत कुल 37 लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। इनमें जेल में बंद पंजाब के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया भी शामिल हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि इन नेटवर्कों का संचालन भारत से लेकर अमेरिका और अन्य देशों तक फैला हुआ है। मेजर सिंह का FBI की Most Wanted सूची में शामिल होना इसी व्यापक कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।
